ENG vs PAK: पाकिस्तान का बेड़ागर्क करने को तैयार इंग्लैंड, मुकाबले से पहले भरी जीत की हुंकार
Last Updated:
Liam Dawson Statement: इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में मिले-जुले प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम बहुत अच्छी स्थिति में है. इंग्लैंड को ग्रुप स्टेज में काफी मेहनत करनी पड़ी थी. नेपाल और स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत के लिए टीम को आखिर तक लड़ना पड़ा, जबकि वेस्टइंडीज ने उसे 30 रन से हरा दिया था.

लियाम डॉसन ने टीम पर जताया भरोसा.
नई दिल्ली. टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 का पांचवां मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच होना है. पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया था. दोनों टीमों को 1-1 अंक मिले थे. वहीं, इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में मेजबान श्रीलंका को हराया था. सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद को जिंदा रखने के लिए पाकिस्तान को इस मैच में जीतना जरूरी है. वहीं, इंग्लैंड भी जीत हासिल कर अपनी जगह सेमीफाइनल में पक्की करने उतरेगी. मुकाबले से पहले इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने जीत की हुंकार भरी है.
इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने मैच से पहले कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में मिले-जुले प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम बहुत अच्छी स्थिति में है. बता दें कि इंग्लैंड को ग्रुप स्टेज में काफी मेहनत करनी पड़ी थी. नेपाल और स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत के लिए टीम को आखिर तक लड़ना पड़ा, जबकि वेस्टइंडीज ने उसे 30 रन से हरा दिया था. लेकिन इंग्लैंड ने सुपर-8 के अपने पहले मैच में श्रीलंका को 51 रन से हराया.
लियाम डॉसन ने टीम पर जताया भरोसा.
डॉसन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले पत्रकारों से कहा, ‘श्रीलंका के खिलाफ हमारी गेंदबाजी देखकर लगता है कि टीम बहुत अच्छी स्थिति में है.’ इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 146 रन बनाए, लेकिन श्रीलंका को 95 रन पर ही आउट कर दिया. इंग्लैंड के स्पिनरों ने 10 में से सात विकेट लिए. विल जैक्स ने तीन, जबकि आदिल राशिद और डॉसन ने दो-दो विकेट लिए. डॉसन ने कहा, ‘हम तीनों अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं. जैक्स को ज्यादा ओवरस्पिन और उछाल मिलती है. डिली (राशिद) के पास अपनी अलग तरह की विविधता है. मुझे इन दोनों जैसी उछाल नहीं मिलती.’
उन्होंने आगे कहा, ‘पाकिस्तान के खिलाफ हमें अलग तरह की चुनौती मिल सकती है. हो सकता है बल्लेबाजी के लिए बेहतर विकेट मिले.’ डॉसन ने कहा, ‘हमारे पास (जैकब) बेथेल समेत चार अच्छे स्पिनर हैं. हमने यहां की परिस्थितियों का पहले भी फायदा उठाया है. अगर मंगलवार को विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा रहा तो हमें अलग रणनीति बनानी होगी और उसी हिसाब से खेलना होगा.’
पल्लेकेले की पिच को स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल माना जाता है. इंग्लैंड को इस पिच का अंदाजा है. हाल ही में उन्होंने श्रीलंका को इसी मैदान पर टी20 सीरीज में हराया था. पाकिस्तान अलग-अलग तरह के स्पिन अटैक के साथ पिच के धीमे नेचर का फायदा उठाने की कोशिश करेगा. टीम के पास उस्मान तारिक का शानदार स्पिन है, जिसे सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिन गेंदबाजों का साथ मिल रहा है. वे इंग्लैंड की बैटिंग लाइनअप के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकते हैं, खासकर इसलिए क्योंकि खेल के आखिर में पिच और धीमी होने की संभावना है. टी20 में इंग्लैंड का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी है. दोनों देशों के बीच अब तक 31 मैच खेले गए हैं जिसमें इंग्लैंड ने 21 मैच जीते हैं. पाकिस्तान को 9 मैचों में जीत मिली है. 1 मैच का परिणाम नहीं निकला है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें