WI vs ZIM: सबसे ज्यादा छक्के, दूसरा सबसे बड़ा टोटल… जिम्बाब्वे-वेस्टइंडीज मैच में रिकॉर्डबुक हुई तहस-नहस
Last Updated:
West Indies vs Zimbabwe T20 World Cup Match Records: जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच हुए टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में रिकॉर्ड्स की बरसात हुई. वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला वेस्टइंडीज ने 107 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया. शिमरन हेटमायर की 85 रन की तूफानी पारी से वेस्टइंडीज ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे पर शिकंजा कस्ते हुए उसकी पारी को 17.4 ओवर में 147 रन पर ही समेट दिया.
वेस्टइंडीज से मिले 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया. ग्रुप स्टेज में कमाल की फॉर्म में नजर आए ब्रायन बेनेट महज 5 रन बनाकर आउट हुए. डायोन मायर्स ने 15 गेंदों में 3 चौके और दो छक्के लगाते हुए 28 रन बनाए. कप्तान सिकंदर रजा ने 20 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली, तो ब्रायन इवांस ने 21 गेंदों में 43 रन बनाए. इवांस ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. गुडाकेश मोती और अकील हुसैन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए. गुडाकेश ने 4 ओवर में महज 28 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, अकील ने 28 रन देकर 3 बड़े विकेट चटकाए.
पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज की तरफ से शिमरन हेटमायर ने 34 गेंदों में सर्वाधिक 85 रन बनाए. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज फिफ्टी बनाते हुए अपनी इस पारी में हेटमायर ने 7 चौके और 7 छक्के लगाए. वहीं, रोवमैन पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रनों का योगदान दिया. शेरफेन रदरफोर्ड 13 गेंदों में तेज-तर्रार 31 रन बनाकर नाबाद रहे.