Gulkand Gujiya Recipe: गुजिया में घोलें गुलाब की खुशबू! होली पर बनाएं ‘शाही गुलकंद गुजिया’, हर बाइट में पाएं नवाबी स्वाद
Gulkand Gujiya Recipe: होली(Holi 2026) का त्योहार हो और घर में गुझिया की खुशबू न आए, ऐसा मुमकिन ही नहीं है. आमतौर पर गुझिया के अंदर खोया, नारियल और ड्राई फ्रूट्स भरकर बनाई जाती है. लेकिन अगर आप इस बार अपनी होली को थोड़ा और स्पेशल और यादगार बनाना चाहते हैं, तो ट्राई करें ‘गुलकंद गुझिया’. गुलकंद की भीनी-भीनी खुशबू और चिरौंजी का क्रंच इस गुझिया को साधारण से बेहद खास बना देता है. यह न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसका शाही अंदाज आपकी होली पार्टी में चार चाँद लगा देगा. आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि.
होली पर बनाएं ‘शाही गुलकंद गुजिया
गुलकंद गुझिया के लिए सामग्री (Ingredients)-
मैदा: 100 ग्राम
डालडा (मोयन के लिए): 20 ग्राम
गुलकंद: 30 ग्राम (मुख्य सामग्री)
खोया (मावा): 50 ग्राम
चिरौंजी: 20 ग्राम
कद्दूकस किया नारियल: 20 ग्राम
चीनी: 100 ग्राम (चाशनी के लिए)
केसर: 1 ग्राम (शाही रंग और खुशबू के लिए)
इलायची पाउडर: 10 ग्राम
घी: तलने के लिए
पिस्ता: गार्निशिंग के लिए
बनाने की विधि (Step-by-Step Method)
1. शाही फीलिंग तैयार करें:
एक कड़ाही लें और उसमें मावा (खोया), चिरौंजी, कद्दूकस किया हुआ नारियल, इलायची पाउडर और केसर डालें. अब इसमें सबसे जरूरी सामग्री गुलकंद मिलाएं. धीमी आंच पर इसे हल्का सा भून लें ताकि सब कुछ अच्छे से मिल जाए और एक खुशबूदार स्टफिंग तैयार हो जाए.
2. मैदा गूंथें:
मैदे में डालडा (मोयन) डालें और धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए एक सख्त आटा तैयार कर लें. आटे को अच्छे से गूंथने के बाद इसे लगभग 2 घंटे के लिए गीले कपड़े से ढककर रख दें. इससे गुझिया की बाहरी परत बहुत कुरकुरी बनेगी.
3. गुझिया को आकार दें:
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पूरी की तरह पतला बेल लें. पूरी के बीच में तैयार की गई गुलकंद की फीलिंग रखें. किनारों पर हल्का सा पानी लगाएं और इसे आधा मोड़कर गुझिया का आकार दें. आप सांचे का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
4. घी में धीनी आंच पर तलें:
एक कड़ाही में घी गर्म करें. जब घी मध्यम गर्म हो जाए, तो 4 से 5 गुझिया को उसमें डालें और धीमी आंच पर सुनहरा (Golden Brown) होने तक तल लें. जब ये गोल्डन हो जाए तो इन्हें सावधानी से निकालें.
5. चाशनी का जादू:
चीनी और पानी को मिला कर गैस पर गर्म करें. जब ये पकने लगे और गाढ़ा होने लगे तो टेस्ट करें कि एक तार की चाशनी तैयार हुई या नहीं. जब ये तैयार हो जाए तो उसे गैस से उतारें. तली हुई गुझिया को चाशनी में डुबोएं और फिर बाहर निकाल लें.
6. गार्निशिंग और सर्विंग:
चाशनी से लिपटी हुई इन गुझिया पर बारीक कटा हुआ पिस्ता छिड़कें. आपकी शाही गुलकंद गुझिया तैयार है!