jaunpur court bomb threat accused arrested | UP News | जौनपुर कोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

Share to your loved once


Last Updated:

जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शातिर युवक को यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से दबोच लिया है. पकड़े गए आरोपी ने अपनी प्रेमिका के मंगेतर और पंचायत के लोगों को झूठे केस में फंसाने के लिए यह खतरनाक साजिश रची थी. वीपीएन और फर्जी ईमेल आईडी के जरिए पुलिस की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश करने वाला यह आरोपी आखिर कैसे पकड़ा गया और इसके पास से क्या-क्या सामान मिला जानिए पूरी खबर.

गजब! प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए दे डाली कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकीZoom

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश एटीएस ने जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को आजमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी साजिश किसी आतंकी संगठन की नहीं, बल्कि एक तरफा प्यार में पागल युवक के बदले की कहानी थी. गिरफ्तार आरोपी विशाल रंजन ने अपनी प्रेमिका के मंगेतर और गांव के उन लोगों को जेल भिजवाने के लिए यह रास्ता चुना था, जिन्होंने एक विवाद के दौरान उसे पंचायत में माफी मांगने पर मजबूर किया था.

बदला लेने के लिए रची बम धमाके की साजिश
पूरा मामला विशाल की प्रेमिका की शादी जौनपुर के एक लड़के से तय होने के बाद शुरू हुआ. विशाल ने जलन में आकर मंगेतर के नाम की फर्जी आईडी बनाई और उस पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी. इस हरकत के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई, जहां विशाल को सबके सामने माफी मांगनी पड़ी. इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने मंगेतर और पंचायत में शामिल लोगों के नंबर सोशल मीडिया से जुटाए और उनके नाम का इस्तेमाल कर जौनपुर कोर्ट को उड़ाने की धमकी भरी मेल भेज दी.

पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाए हाईटेक तरीके
विशाल अपनी पहचान छिपाने के लिए काफी शातिर तरीके अपना रहा था. उसने वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क के पेड वर्जन का इस्तेमाल किया और अपनी लोकेशन छिपाने के लिए अलग-अलग लोगों के वाई-फाई का सहारा लिया. उसने मंगेतर के नाम से मेल भेजकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और धमकी दी थी कि पैसा न मिलने पर ब्लास्ट कर दिया जाएगा. उसका मकसद यह था कि पुलिस मंगेतर को ही धमकी देने वाला समझकर जेल भेज दे.

आरोपी के पास से 5 फोन और 4 सिम बरामद
एटीएस की टीम ने जब विशाल को गिरफ्तार किया, तो उसके पास से 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 4 सिम कार्ड और 21 हजार रुपये नकद बरामद हुए. इसके अलावा उसके पास से प्रोटॉन मेल और जीमेल जैसी लगभग 50 ईमेल आईडी और अलग-अलग नामों से बनी 20 फेसबुक आईडी मिली हैं. जांच में पता चला कि उसने आजमगढ़ रोडवेज को भी बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज तैयार कर रखा था. उसके डिवाइस से महिलाओं की तस्वीरें और अश्लील कंटेंट भी मिला है, जिसे वह सोशल मीडिया से डाउनलोड करता था. फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP