यूपी में ठंड की हुई विदाई, अब बढ़ने वाला है तापमान, ग्रीन जोन में पहुंचे सभी जिले, जानिए कैसा रहेगा मौसम

Share to your loved once


वाराणसी: यूपी में रजाई-कंबल पैक होने वाले हैं. अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में थोड़ा और उछाल आने की भी संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने इसको लेकर ताजा अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग की ओर से मिले जानकारी के मुताबिक,प्रदेश के अलग अलग शहरों में फिलहाल अधिकतम तापमान में अगले 2 से 3 दिनों में थोड़ा और उछाल आ सकता है.इस उछाल के साथ ही धूप भी तीखी होगी.

राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार (21 फरवरी) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग के सभी 75 जिलों में आसमान साफ होगा. इस दौरान सुबह-सवेरे के समय कहीं-कहीं छिछला कोहरा नजर आ सकता है. हालांकि दिन की शुरुआत ज्यादातर जिलों में खिली धूप से ही होगी. इस दौरान कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. 22 और 23 फरवरी को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है. फिलहाल अगले तीन दिनों तक यूपी के सभी जिलों को मौसम विभाग ने ग्रीन जोन में रखा है.
यहां मौसम रहेगा सामान्य
शनिवार को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ गाजियाबाद, वाराणसी, कानपुर, झांसी, अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, इटावा, मैनपुरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, महराजगंज, देवरिया, बलिया, बस्ती और आस पास के जिलों में सुबह से धूप खिली रहेगी. इन जिलों में सिर्फ रात और सुबह के समय ही हल्की सिरहन महसूस होगी.
लखनऊ-नोएडा में ऐसा होगा मौसम
राजधानी लखनऊ में शनिवार को आसमान पूरी तरह साफ होगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. अगले 24 घंटे बाद फिर यहां हल्के छिटपुट बादल के बीच धूप छांव की स्थिति बनी रहेगी. बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी मौसम सामान्य रहने वाला है.शनिवार को नोएडा में भी धूप खिली रहेगी.
हिमालयी रीजन को नया पश्चिमी विक्षोभ करेगा प्रभावित
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की 22 फरवरी को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है.हालांकि उसके बाद फिलहाल कोई नया वेदर सिस्टम एक्टिव होता नहीं नजर आ रहा है.
दूसरे दिन भी बांदा में न्यूनतम तापमान सबसे कम
बताते चलें कि बीते 24 घण्टे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम दूसरे दिन भी बांदा जिले में रिकॉर्ड किया गया है. यहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.वहीं अधिकतम तापमान गाजीपुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP