मैदे को कहें अलविदा! अब आटे से बनाएं हेल्दी मोमोज, जानिए आसान और टेस्टी रेसिपी
Last Updated:
गृहिणी राधिका प्रजापति ने कहा कि आटे के मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले ताजी सब्जियों का चयन जरूरी है. इसके लिए पत्ता गोभी, प्याज, लहसुन और अदरक को बारीक काट लें. इसके बाद एक फ्राइंग पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और इन सब्जियों को हल्का भून लें

Wheat Momos Recipe
कोडरमा शाम होते ही हल्की भूख लगना आम बात है. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से मोमोज मंगाकर अपनी इच्छा पूरी करते हैं. लेकिन बाजार में मिलने वाले मोमोज आमतौर पर मैदे से बने होते हैं. जिन्हें अधिक मात्रा में खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता. मैदा पाचन तंत्र पर भारी पड़ सकता है और नियमित सेवन से वजन बढ़ने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. ऐसे में अगर वही स्वाद घर पर, ज्यादा पौष्टिक तरीके से मिल जाए तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. इसी सोच के साथ गृहिणी राधिका प्रजापति ने एक आसान और हेल्दी विकल्प साझा किया है. आटे से बने मोमोज.
ऐसे तैयार करें स्टफिंग
राधिका ने बताया कि थोड़े से बदलाव से मोमोज को ज्यादा पौष्टिक बनाया जा सकता है. गेहूं का आटा फाइबर से भरपूर होता है. जो पाचन के लिए लाभकारी है और लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास देता है. आटे के मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले ताजी सब्जियों का चयन जरूरी है. इसके लिए पत्ता गोभी, प्याज, लहसुन और अदरक को बारीक काट लें. इसके बाद एक फ्राइंग पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और इन सब्जियों को हल्का भून लें. सब्जियों को ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है, बस इतना कि उनका कच्चापन दूर हो जाए. अब इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर और थोड़ा सा सोया सॉस डालें. कुछ मिनट तक पकाने के बाद इस मिश्रण को एक अलग बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें. यही मिश्रण मोमोज की स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार करता है.
10 मिनट पकाने के बाद तीखी-खट्टी चटनी के साथ परोसे
उन्होंने बताया कि अब बारी आती है मोमोज की बाहरी परत की. इसके लिए गेहूं के आटे का सामान्य तरीके से मुलायम आटा गूंथ लें. आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें पतला बेल लें. प्रत्येक लोई के बीच में तैयार सब्जियों का मिश्रण रखें और किनारों को धीरे-धीरे मोड़ते हुए मोमोज का आकार दें. उन्होंने कहा कि अगर किनारों को सही तरीके से मोड़ा जाए तो मोमोज देखने में भी आकर्षक लगते हैं और पकने के बाद खुलते नहीं हैं. तैयार मोमोज को स्टीमर में रखें और करीब 10 मिनट तक स्टीम करें. स्टीमिंग से ये बिना तेल के पकते हैं. जिससे यह और भी हेल्दी बन जाते हैं. जब मोमोज तैयार हो जाएं, तो उन्हें सावधानी से निकालें और गरमा-गरम परोसें. उन्होंने बताया कि इन आटे के मोमोज को टमाटर की तीखी-खट्टी चटनी के साथ परोस सकते हैं. यह स्वाद और सेहत का बेहतरीन संगम है.