छत्तीसगढ़िया स्टाइल में बनाएं आलू-करेले की लाजवाब सब्जी, सेहत और स्वाद से भरपूर, झटपट वाली रेसिपी – Chhattisgarh News
Last Updated:
Bilaspur News: आलू और करेले की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धोकर गोल आकार में काटा जाता है. आलू को छीलकर मनचाहे आकार में काटकर साफ पानी से धो लिया जाता है. दोनों सब्जियों को अलग-अलग बर्तन में रखकर आगे की तैयारी की जाती है.
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की रसोई अपने सादे लेकिन लाजवाब स्वाद के लिए जानी जाती है. यहां की पारंपरिक सब्जियों में आलू और करेला की सब्जी खास स्थान रखती है. हल्के मसालों, देसी तड़के और धीमी आंच पर पकाई गई यह सब्जी स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी खजाना मानी जाती है. करेला जहां कड़वाहट के कारण कई लोगों को पसंद नहीं आता, वहीं जब इसे छत्तीसगढ़िया स्टाइल में आलू के साथ बनाया जाता है, तो इसका स्वाद बेहद संतुलित और लाजवाब हो जाता है. गांव से लेकर शहर तक, यह सब्जी रोटी और चावल के साथ बड़े चाव से खाई जाती है.
आलू-करेला की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धोकर गोल आकार में काट लिया जाता है. साथ ही आलू को छीलकर मनचाहे टुकड़ों में काटकर साफ पानी से धो लिया जाता है. दोनों सब्जियों को अलग बर्तन में रखकर आगे की तैयारी की जाती है.
देसी तड़के से बढ़ता है स्वाद
एक कड़ाही में तेल गर्म कर उसमें जीरा, प्याज और लहसुन का तड़का लगाया जाता है. जब तड़का सुनहरा हो जाता है, तब उसमें आलू डालकर नरम होने तक भुना जाता है. आलू के हल्का पकते ही उसमें कटा हुआ करेला डाल दिया जाता है और दोनों को अच्छी तरह मिलाकर पकाया जाता है.
मसालों की खुशबू से महकती है रसोई
जब आलू और करेला हल्के नरम हो जाते हैं, तब उसमें कटा हुआ टमाटर मिलाया जाता है. कुछ देर पकने के बाद स्वादानुसार नमक डाला जाता है. इसके बाद हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालकर धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक अच्छे से पकाया जाता है.
रोटी-चावल के साथ बनती है परफेक्ट जोड़ी
तैयार सब्जी को गरमागरम रोटी या चावल के साथ परोसा जाता है. करेला सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, वहीं आलू इसके स्वाद को संतुलित करता है. यही कारण है कि छत्तीसगढ़िया स्टाइल की यह सब्जी घर-घर में पसंद की जाती है और पारंपरिक स्वाद का अहसास कराती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.