बहन चली गई हिंदू लड़के के साथ, बहाने से बुलाया घर, फिर भाई ने कर दिया कत्ल
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक मुस्लिम युवती को हिंदू युवक से प्यार की सजा में मौत मिली है. प्रेमी के साथ फरार हुई युवती को उसके भाई ने पंचायत करा कर घर बुलवाया और फिर रात को दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी. यही नहीं डायल 112 को बुला कर अपना जुर्म भी कबूल कर लिया.

संभल में हिंदू लड़के से प्यार करने पर भाई ने बहन को मार डाला. (सांकेतिक तस्वीर)
संभलः उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक मुस्लिम युवती को हिंदू युवक से प्यार की सजा में मौत मिली है. प्रेमी के साथ फरार हुई युवती को उसके भाई ने पंचायत करा कर घर बुलवाया और फिर रात को दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी. यही नहीं डायल 112 को बुला कर अपना जुर्म भी कबूल कर लिया. हत्यारोपी भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हिंदू युवक से प्यार के विरोध में युवती की हत्या की सनसनीखेज घटना असमोली थाना के गांव पट्टी जगरूप की है.
पंचायत के बहाने बहन को बुला लिया घर
रुपजहां को गांव के ही हिंदू युवक शिवम सैनी से प्यार हो गया. प्यार जब परवान चढ़ने लगा तो घर वालों ने रुपजहां पर बंदिशे़ं लगाईं. प्रेम में दीवाने प्रेमी युगल घर और धर्म की दीवारें लांघ कर फरार हो गए. प्रेमी युगल के फरार होने के बाद युवती के पिता और भाई युवती को घर वापस लाने में जुट गए. दोनों के अमरोहा में होने की जानकारी मिली. पुलिस से संपर्क साधा. बाद में ग्राम प्रधान से पंचायत कराई. पंचायत में तय फैसले के अनुसार प्रधान अपने सहयोगियों से युवती को लेकर वापस असमोली आ गया.
बहन का दुपट्टा से घोंट दिया गला
बताया जा रहा है कि मामला दोबारा थाने तक पहुंचा, जहां युवती ने अपने पिता और भाई से अपनी हत्या की आशंका जताई. ऑफ रिकार्ड फैसले के अनुसार प्रधान ने युवती को उसके पिता को सौंप दिया. बात यहीं खत्म हो गई होती. मगर बीती रात युवती के भाई ने अपनी बहन की दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी तथा डायल 112 को फोन कर अपनी करतूत की जानकारी दी. हत्या की सूचना पर सबसे पहले डायल 112 मौके पर पहुंची.
हत्यारोपित भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना पुलिस एवं एएसपी भी मौके पर पहुंचे. हत्यारोपी जाने आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ऑनर किलिंग की इस वारदात से जहां भरोसे का विश्वास टूटा है. वहीं दो समुदायों के प्रेमी युगल के अमर प्रेम का दु:खांत हो गया.
About the Author
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें