T20 World Cup 2026 Super 8 all teams:
Last Updated:
T20 World Cup Super-8: सात फरवरी से शुरू हुए टी-20 वर्ल्ड कप में 21 फरवरी से सुपर-8 राउंड शुरू हो जाएगा. 20 टीम को पहले चार ग्रुप में बांटा गया था, जिसे अब चार-चार टीम के दो ग्रुप में छांट दिया गया है, इसमें एक ग्रुप, ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा है, इनमें भारत समेत वो टीम हैं, जिन्होंने अपना एक भी मैच नहीं हारा है.

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड
नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 अपने दूसरे पड़ाव पर पहुंच चुका है. 20 में से 12 टीम बाहर हो चुकी है. अब सिर्फ आठ टीम बची है, जिनके बीच सुपर-8 राउंड की लड़ाई होगी. मगर इनमें से सिर्फ चार टीम ने ही दबदबा बनाया. ऐसा दबदबा कि उन्हें कोई हरा नहीं पाया. आठ में से चार टीम ऐसी रहीं, जो हर मैच जीतकर सुपर-आठ में आई. अब सुपर-8 में ये सारी टीम एक ही ग्रुप में है, जिसे ग्रुप ऑफ डेथ भी कहा जा सकता है. इस लिस्ट में डिफेंडिंग चैंपियन और मेजबान भारत के अलावा और कौन-कौन सी टीम थी, चलिए जानते हैं.
ग्रुप ऑफ डेथ में जो डर गया, वो मर गया
भारत, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे वाले सुपर-8 ग्रुप 1 को टूर्नामेंट का ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है. अब इन चार टीम में से सिर्फ दो ही सेमीफाइनल में पहुंचेगी और दो का सफर यही खत्म हो जाएगा. यहां फॉर्म, इज्जत और टैलेंट का टकराव होगा. यानी एक छोटी सी गलती टूर्नामेंट में आपका सफर खत्म कर देगी.
भारत: डिफेंडिंग चैंपियन और सबसे मजबूत दावेदार
सुपर-8 में भारत ने शान से एंट्री मारी. यूएसए के खिलाफ पहला मैच जरूर फंसता नजर आया, लेकिन अंत में जीत हाथ लगी. फिर पाकिस्तान, नामीबिया और अंत में नीदरलैंड्स को हराते हुए जीत के चौके के साथ सूर्या एंड कंपनी सुपर-8 में आई है. बल्लेबाजों ने अटैकिंग ब्रांड ऑफ क्रिकेट खेला. स्पिनर्स अपनी फिरकी का जादू चला रहे हैं तो पेसर्स भी विकेट निकालने में कामयाब रहे हैं. अब चैलेंज और मुश्किल होना है. साउथ अफ्रीका सबसे मजबूत है तो वेस्टइंडीज का दिया 2016 टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल का दर्द अब भी ताजा है. जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर साबित कर दिया कि उनसे डरना चाहिए.
दक्षिण अफ्रीका: पिछले साल की उपविजेता
ग्रुप डी में अपने चारों मैच जीतकर आई साउथ अफ्रीका इस बार भी फाइनल खेलने की प्रबल दावेदार टीम है. अनुशासित गेंदबाजी और चतुर रणनीतिक क्रिकेट के लिए जानी जाने वाली प्रोटियाज टीम भारत से किसी मुकाबले में कम नहीं. टीम के पास मैच विनर्स की भरमार है. भारत के बाद सबसे अच्छा नेट रनरेट साउथ अफ्रीका का ही रहा है. बस उन्हें बड़े मौकों पर चोक करने की पुरानी आदत को भूलना होगा.
इंग्लैंड को हराने के बाद वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज: उथल-पुथल, शक्ति और टी20 की विरासत
टी-20 क्रिकेट को वेस्टइंडीज से बेहतर शायद ही कोई टीम समझती हो. दो बार की विश्व चैंपियन, वेस्टइंडीज के पास बेजोड़ पावर हिटिंग क्षमता और निडर इरादा है. कैरेबियन टीम का हर प्लेयर योद्धा है. वेस्टइंडीज विस्फोटक बल्लेबाजी या निर्णायक स्पेल के जरिए कुछ ही ओवर्स में मैच का रुख बदल सकती है. कुछ तो बात रही होगी वेस्टइंडीज ने यूंही दो मर्तबा खिताब अपने नाम नहीं किया.
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में पहुंची जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे: टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी
जिम्बाब्वे का सफर विश्व कप की किसी परी कथा से कम नहीं है. पिछले वर्ल्ड कप में ये टीम क्वालीफाई तक नहीं कर पाई थी इसलिए इस मर्तबा टूर्नामेंट में मामूली उम्मीदों के साथ प्रवेश किया और अपनी निडरता से इतिहास रच दिया, उनकी अजेय लय ने पहले ही कई बड़े उलटफेर किए हैं, जिससे साबित होता है कि वे अब सिर्फ प्रतिभागी नहीं बल्कि असली दावेदार हैं. उम्मीदों के बोझ के बिना जिम्बाब्वे खेलने उतरी है, उनके पास पाने के लिए सब कुछ है और खोने के लिए कुछ नहीं.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें