Afghanistan vs Canada: अफगानिस्तान ने कोच को दिया जीत का फेयरवेल, टी20 वर्ल्ड कप के अपने आखिरी मैच में कनाडा को दी मात
Last Updated:
Afghanistan Cricket Team: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर अपने कैंपेन को जीत के साथ खत्म किया. इसके साथ ही अफगान टीम ने अपने हेड कोच जोनाथन ट्रॉट को भी जीत के साथ विदाई थी. यह जोनाथन ट्रॉट का अफगानिस्तान के कोच के रूप में आखिरी मैच था.

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम
नई दिल्ली. अफगानिस्तान ने जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना कैंपेन खत्म किया है. टूर्नामेंट से पहले ही बार हो चुकी अफगान टीम ने ग्रुप-डी के अपने आखिरी मैच में कनाडा पर 82 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की. यह जीत टीम के लिए हेड कोच जोनाथन ट्रॉट के लिए बेहद खास थी, जिनका यह फेयरवेल मैच था. अफगानिस्तान की टीम का 2024 टी20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक सफर रहा था, जिसमें टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही. हालांकि, इस बार अफगान टीम को पहले ही राउंड से बाहर होना पड़ा.
अफगानिस्तान ने दिया था 201 रन का लक्ष्य
एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस 39वें मैच में अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट खोकर 200 रन बनाए. रहमानुल्लाह गुरबाज ने इब्राहिम जादरान के साथ 5.3 ओवरों में 47 रन की साझेदारी की. गुरबाज 20 गेंदों में 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गुलबदीन नायब (1) भी पवेलियन लौट गए. टीम 49 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से सेदिकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की. सेदिकुल्लाह 32 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जादरान ने अजमतुल्लाह उमरजई (13) के साथ 31 रन, जबकि दरवेश रसूली (नाबाद 4) के साथ 25 रन जोड़े. इब्राहिम जादरान 56 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 95 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से जसकरण सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि डिलन हेलिगर ने 1 विकेट अपने नाम किया.
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम
118 रन पर सिमटी कनाडा की पारी
जवाब में कनाडा की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 118 रन ही बना सकी. युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की. दिलप्रीत 7 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 2 छक्के शामिल रहे. इसके बाद युवराज सामरा ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. टीम 48 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से साद बिन जफर ने हर्ष ठाकर के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया, लेकिन जीत नहीं दिला सके. हर्ष 24 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साद ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद नबी ने 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. राशिद खान ने 2 विकेट निकाले.
अफगानिस्तान का ऐसा रहा टूर्नामेंट में सफर
अफगानिस्तान ने अपने अभियान की शुरुआत हार के साथ की थी. उसे पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड से शिकस्त मिली. दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान का दिल तब टूटा, जब टीम जीते हुए मुकाबले को साउथ अफ्रीका से हार गई. दो सुपर ओवर वाले इस मुकाबले में अफगान टीम को जीत के तीन बार मौके मिले, लेकिन उसे तीनों ही गंवा दिए. आखिर में साउथ अफ्रीका ने बाजी मार ली. बचे दो मुकाबलों में यूएई और कनाडा पर जीत जरूर मिली, लेकिन सुपर-8 में पहुंचने के लिए इससे अर्जित किए गए चार अंक काफी नहीं थे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें