कश्मीर पर बनीं वो 3 फिल्में, तीनों में थी झकझोर देने वाली दास्तान, तीसरी ने रचा इतिहास, जीता नेशनल अवॉर्ड – Aamir khan kajol Fanna to roja 3 bollywood films story based on kashmir covering intense conflict last one turn super blockbuster
Last Updated:
कश्मीर का नाम सुनते ही मन में यहां की खूबसूरत वादियां, मनोरम प्राकृतिक वातावरण, हरी-भरी पहाड़ियां, घास के मैदान, कल-कल बहती नदियों के चित्र मन में उभरने लगते हैं. हिंदी सिनेमा की कई रोमांटिक फिल्मों की शूटिंग भी कश्मीर में हुई है. इनमें ‘कश्मीर की कली’, ‘जब जब फूल खिले’ और ‘नूरी’ जैसी फिल्मों शामिल हैं. जब कश्मीर में आतंकवाद, डर-खामोशी, अशांति पनपी तो कहानियां भी बदलीं. कश्मीर पर केंद्रित कुछ फिल्में ऐसी भी आईं जिन्होंने लोगों के दिल को झकझोर दिया. ऐसी ही तीन फिल्मों की हम चर्चा करने जा रहे हैं.
70-80 के दशक की कई फिल्मों में कश्मीर की खूबसूरत-सुरम्य वादियां, हीरो-हीरोइन के बीच रोमांस के सीन दिखाई देते थे. इन खूबसूरत झील-पहाड़, झरनों को देखकर दर्शकों का मन प्रफुल्लित हो जाता था. 90 के दशक की शुरुआत से पहले ही कश्मीर में आतंकवाद ने पैठ बनाना शुरू की. कश्मीरी पंडितों का पलायन हुआ. हिंदी सिनेमा में कश्मीर की समस्याओं पर बेस्ड फिल्में भी आईं. ऐसी ही तीन फिल्मों ने दिल को झकझोर दिया. ये फिल्में थीं : रोजा, फना, हैदर और द कश्मीर फाइल्स. इनके फिल्मों में दिखाया गया कि कश्मीर में आतंकवाद किस तरह से पैठ बना चुका है. द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया.
कश्मीर में फैले आतंकवाद पर फिल्म बनाने का सबसे पहला प्रयास डायरेक्टर मणि रत्नम ने किया था. उन्होंने तमिल में रोजा फिल्म बनाई जो कि 15 अगस्त 1992 को रिलीज हुई थी. बेहतरीन गानों से सजी इस पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म का काफी हिस्सा कश्मीर में फिल्माया गया था. फिल्म में अरविंद स्वामी और मधु लीड रोल में थे. पंकज कपूर सपोर्टिंग रोल में थे.
90 के शुरुआती दशक में दक्षिण भारत के एक इंजीनियर को कश्मीर में किडनैप कर लिया गया था. पत्नी ने अपने पति को छुड़वाने के लिए ओपन लेटर लिखा था. यही से मणि रत्नम के मन में इस फिल्म को बनाने का आइडिया आया था. फिल्म का म्यूजिक बेमिसाल था. गाने यादगार थे. फिल्म को तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे. रोजा फिल्म ने भारतीय सिनेमा के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
साल 2006 में कुणाल कोहली के निर्देशन में एक रोमांटिक थ्रिलर मूवी ‘फना’ आई थी जिसमें आमिर खान और काजोल ने बेहतरीन एक्टिंग की थी. मूवी में काजोल ने एक कश्मीरी लड़की का जबकि आमिर खान ने एक आतंकी का रोल अदा किया था. फिल्म को यशराज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा ने प्रोड्यूस किया था. आमिर खान-काजोल के अलावा ऋषि कपूर, तब्बू, शरत सक्सेना सपोर्टिंग रोल में थे.
यह काजोल-आमिर खान की पहली रोमांटिक फिल्म थी. दोनों की जोड़ी पहली बार देखने को मिली थी. इससे पहले दोनों ने 1997 में ‘इश्क’ में काम किया था लेकिन दोनों की जोड़ी साथ में नहीं थी. काजोल ने भी 2001 के बाद वापसी की थी. फना अपने समय की महंगी फिल्मों में से एक थी.
फना फिल्म 26 मई 2006 को रिलीज हुई थी. आमिर खान-काजोल की बेहतरीन अदाकारी की खूब सराहना हुई. सिनेमेटोग्राफी और म्यूजिक को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म का म्यूजिक जतिन-ललित ने दिया था. गीतकार प्रसून जोशी थे. फिल्म की शेर-शायरी भी खूब पॉप्युलर हुई थी. जतिन-ललित की यह आखिरी फिल्म थी, इसके बाद दोनों अलग हो गए थे. फिल्म के बर्फ वाले सीन पोलैंड में फिल्माए गए थे. काजोल ने कश्मीर घाटी में शूटिंग करने से इनकार कर दिया था. फिल्म में आतंकवादी की लव स्टोरी दिखाई गई थी. आमिर खान के कहने पर ही काजोल को लिया गया था.
काजोल को जब फिल्म की कहानी सुनाई तो उन्हें फर्स्ट हाफ बहुत पसंद आया था. आमिर खान-काजोल का रोमांस खूब चर्चा में रहा. 30 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 105 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. यह इस साल की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. फिल्म को तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे. बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड काजोल को मिला था.
सही मायने में कश्मीर पंडितों के पलायन’ के मुद्दे को उठाती फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ सिनेमाघरों में 11 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी. मूवी में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और अतुल श्रीवास्तव जैसे एक्टर्स नजर आए थे. कश्मीर से पंडितों को हटाने के लिए वहां उनका नरसंहार किया गया था. फिल्म में कश्मीरी पंडितों की पलायन की मार्मिक कहानी को दिखाया गया. फिल्म का कहानी 2020 से शुरू होती है और फ्लैशबैक में 1989–1990 के दशक में<br />कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार की दर्दनाक कहानी दिखाती है.
फिल्म की स्टोरी विवेक अग्निहोत्री और सौरभ एम. पांडेय ने लिखी थी. फिल्म को तेज नारायण अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, पल्लवी जोशी और विवेक अग्निहोत्री ने मिलकर प्रोड्यूस किया था. मूवी को दो नेशनल अवॉर्ड भी मिले थे. 25 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 237 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर सुपर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.