IND vs NED: शिवम दुबे ने तोड़ा हार्दिक-युवराज का रिकॉर्ड तो वरुण ने की अर्शदीप की बराबरी, भारत-नीदरलैंड मैच में बने कीर्तिमानों की लिस्ट
Last Updated:
India vs Netherlands T20 World Cup Match Records: टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए नीदरलैंड को भी शिकस्त दी. भारत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले अपने इस आखिरी ग्रुप मैच में नीदरलैंड को 17 रन से हराया. टीम इंडिया के लिए बैटिंग और बॉलिंग में शिवम दुबे ने धमाल मचाया, जबकि दूसरी पारी में वरुण चक्रवर्ती की फिरकी का जादू भी देखने को मिला. इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने. चलिए हम आपको बताते हैं.
भारत ने जीत के चौके के साथ ग्रुप-ए के मुकाबलों का समापन किया है. टीम इंडिया ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 17 रन से जीत दर्ज की. 66 रन की पारी खेलने के साथ 2 विकेट हासिल करने वाले शिवम दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए. इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी.
टीम की शुरुआत खराब हुई थी. तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) का विकेट खो चुकी थी. यहां से तिलक वर्मा ने टीम को संभाला. उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 रन, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ 30 रन की साझेदारी की. तिलक 27 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान सूर्या ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 41 रन जुटाकर टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया. सूर्या टीम के खाते में 34 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटे. इसके बाद शिवम दुबे ने तूफानी पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. दुबे ने 31 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौके लगाकर 66 रन बनाए, जबकि हार्दिक ने 21 गेंदों में 30 रन की पारी खेली.