IBPS परीक्षा में सफलता चाहते हैं? टाइम और रीजनिंग पर फोकस करें, 100% मिलेगी सफलता

Share to your loved once


चंदौली. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बैंकिंग सेक्टर एक सुनहरा अवसर माना जाता है. रीजनिंग के शिक्षक रोहित सर ने लोकल 18 से बातचीत में बैंकिंग परीक्षाओं, खासकर आईबीपीएस (IBPS) की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं.

उन्होंने बताया कि आईबीपीएस प्रीलिम्स परीक्षा में 3 मुख्य विषय होते हैं, इंग्लिश, मैथ्स और रीजनिंग. खास बात यह है कि परीक्षा केवल इंग्लिश भाषा में ही देनी होती है, इसमें किसी अन्य भाषा का विकल्प उपलब्ध नहीं होता, ऐसे में यह परीक्षा विशेष रूप से सीबीएसई और आईसीएसई के छात्रों के लिए सहज मानी जाती है.

अभ्यर्थियों को मिलते हैं कई अवसर 
रोहित सर ने बताया कि बैंकिंग सेक्टर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी नियमितता है. चाहे आंधी आए या तूफान, एक बार परीक्षा की तारीख घोषित हो जाने के बाद वह तय समय पर ही आयोजित होती है. बैंकिंग परीक्षाएं हर साल आयोजित की जाती हैं और इनमें पीओ और क्लर्क जैसे प्रमुख पद शामिल होते हैं. इसके अतिरिक्त हर साल लगभग 8 से 10 विभिन्न बैंकिंग परीक्षाएं आयोजित होती हैं, जिससे अभ्यर्थियों को कई अवसर मिलते हैं.

इसका सिलेबस नहीं होता व्यापक
उन्होंने बताया कि बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए सिलेबस बहुत व्यापक नहीं होता. विशेष रूप से गणित का पाठ्यक्रम सीमित दायरे में रहता है. वहीं, मेंस परीक्षा में करंट अफेयर्स से जुड़े प्रश्न मुख्य रूप से पिछले 6 महीने से लेकर अधिकतम 8 महीने तक की अवधि से पूछे जाते हैं. इसलिए अभ्यर्थियों को नियमित रूप से समसामयिक घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए और अपडेट रहना चाहिए.

इस विषय पर ध्यान देने की जरूरत
रोहित सर ने टाइम मैनेजमेंट को सफलता की कुंजी बताया. उन्होंने कहा कि बैंकिंग परीक्षा में प्रत्येक सेक्शन के लिए लगभग 20 मिनट का समय निर्धारित होता है, ऐसे में यदि अभ्यर्थी समय का सही प्रबंधन नहीं कर पाता है, तो परीक्षा में सफलता पाना कठिन हो सकता है. विशेष रूप से रीजनिंग सेक्शन में प्रश्नों की संख्या अधिक होती है और उनका स्तर भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इसलिए इस विषय पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है.

कई परीक्षाओं में हो सकता है शामिल 
उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई छात्र एक बार गंभीरता से बैंकिंग की तैयारी शुरू कर देता है, तो वह कई परीक्षाओं में उसी तैयारी के आधार पर शामिल हो सकता है. बैंकिंग सेक्टर में अवसरों की कमी नहीं है. उदाहरण के तौर पर State Bank of India, Reserve Bank of India और Regional Rural Banks जैसी संस्थाओं में समय-समय पर भर्तियां निकलती रहती हैं. विशेष रूप से आरबीआई को बैंकिंग सेक्टर की सबसे प्रतिष्ठित संस्था माना जाता है.

रीजनिंग पर बना लें मजबूत पकड़ 
वहीं, रोहित सर ने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और रीजनिंग पर मजबूत पकड़ बनाकर अपनी सफलता सुनिश्चित कर सकते हैं. बैंकिंग में करियर बनाने के इच्छुक छात्र सही रणनीति और अनुशासन के साथ तैयारी करें, तो सफलता निश्चित है. उन्होंने कहा कि चयन से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या मार्गदर्शन के लिए छात्र उनसे संपर्क कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP