Telangana Election Result : तेलंगाना निकाय चुनाव नतीजे: 91 नगरपालिकाओं पर कांग्रेस का कब्जा, बीआरएस के गढ़ में लॉटरी ने पलटा पासा
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Telangana Municipal Election Results 2026: तेलंगाना निकाय चुनाव के ताजा नतीजों में कांग्रेस ने 7 और नगरपालिकाओं पर कब्जा कर लिया है, जबकि बीआरएस को केवल 1 सीट मिली. जनगांव और थोरूर में लॉटरी के जरिए कांग्रेस की जीत हुई. कांग्रेस अब राज्य की 116 में से 91 नगरपालिकाओं पर काबिज है. नगर निगमों में भी कांग्रेस का वर्चस्व रहा, जबकि भाजपा ने करीमनगर में जीत दर्ज की. चुनाव के दौरान कई जगहों पर कांग्रेस-बीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें भी हुईं.

तेलंगाना के शहरी निकायों में रेवंत रेड्डी का ‘एकतरफा’ राज! (File Photo)
हैदराबाद: तेलंगाना के स्थानीय निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी का दबदबा बरकरार है. मंगलवार को आए नतीजों में कांग्रेस ने सात और नगरपालिकाओं में जीत का झंडा गाड़ दिया है. वहीं मुख्य विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को सिर्फ एक शहरी निकाय से संतोष करना पड़ा. चुनाव के दौरान कई जगहों पर भारी तनाव और झड़पें भी देखने को मिलीं. विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर सत्ता के दुरुपयोग और गुंडागर्दी के आरोप लगाए हैं. हंगामे और कोरम की कमी के कारण तीन नगरपालिकाओं में चुनाव को दोबारा टालना पड़ा है.
लॉटरी ने पलटी किस्मत, जनगांव और थोरूर में रोमांचक जीत
वारंगल जिले की जनगांव और थोरूर नगरपालिकाओं में मुकाबला इतना कड़ा था कि विजेता का फैसला लॉटरी के जरिए करना पड़ा. थोरूर में बीआरएस के पास बहुमत था, लेकिन कांग्रेस ने पदेन सदस्यों (विधायक और सांसद) के वोटों के दम पर बराबरी कर ली. किस्मत ने कांग्रेस का साथ दिया और लॉटरी में उनके उम्मीदवार श्रवण अध्यक्ष चुन लिए गए. इसी तरह जनगांव में भी बीआरएस और कांग्रेस के बीच 16-16 वोटों की बराबरी हो गई थी. यहां भी लॉटरी निकली और कांग्रेस की बलमणि अध्यक्ष बन गईं. बीआरएस नेताओं ने पदेन सदस्यों के वोटिंग पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है.
कागजनगर में भाजपा-कांग्रेस का अनोखा गठबंधन
इन चुनावों में कुछ चौंकाने वाले समीकरण भी देखने को मिले. कागजनगर नगरपालिका में कांग्रेस ने कट्टर प्रतिद्वंद्वी भाजपा के समर्थन से कब्जा जमाया. इसके अलावा कांग्रेस ने येल्लंदु, सुल्तानाबाद, डोर्नाकल और जहीराबाद नगरपालिकाओं में एकतरफा जीत दर्ज की. दूसरी तरफ बीआरएस को इंदेरेशम नगरपालिका में ही सफलता मिल सकी. इब्राहिमपट्टनम में बीआरएस ने जीत तो दर्ज की, लेकिन हाईकोर्ट की रोक के बाद चुनाव आयोग ने फिलहाल प्रक्रिया को रोक दिया है.
नगर निगमों में भी कांग्रेस का जलवा, भाजपा को करीमनगर
कांग्रेस ने न केवल नगरपालिकाओं बल्कि नगर निगमों में भी शानदार प्रदर्शन किया है. महबूबनगर, मंचेरियल, नलगोंडा और रामागुंडम नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा रहा. निजामाबाद में कांग्रेस ने एआईएमआईएम के साथ मिलकर बोर्ड बनाया, जहां कांग्रेस का मेयर और ओवैसी की पार्टी का डिप्टी मेयर चुना गया. कोठागुडेम में कांग्रेस ने सीपीआई को समर्थन दिया, जिससे वहां सीपीआई का मेयर बना. हालांकि भाजपा ने करीमनगर नगर निगम को अपने पाले में करने में सफलता हासिल की है.
तेलंगाना में कांग्रेस की पकड़ हुई और भी मजबूत
इन नतीजों के साथ ही तेलंगाना की 116 नगरपालिकाओं में से 91 पर अब कांग्रेस का कब्जा हो गया है. 11 फरवरी को हुए मतदान के बाद कांग्रेस ने लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी है. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में पार्टी ने स्थानीय निकायों में अपनी जड़ों को और गहरा कर लिया है. बीआरएस अब केवल 18 नगरपालिकाओं तक सिमट कर रह गई है. इन नतीजों से साफ है कि विधानसभा चुनाव के बाद अब स्थानीय स्तर पर भी जनता का मूड कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा है.
About the Author
दीपक वर्मा (Deepak Verma) एक पत्रकार हैं जो मुख्य रूप से विज्ञान, राजनीति, भारत के आंतरिक घटनाक्रमों और समसामयिक विषयों से जुडी विस्तृत रिपोर्ट्स लिखते हैं. वह News18 हिंदी के डिजिटल न्यूजरूम में डिप्टी न्यूज़…और पढ़ें