सूजी-दूध से घर पर बनाएं हलवाई जैसे सॉफ्ट गुलाब जामुन, स्वाद ऐसा कि भूल जाएंगे बाजार का खाना, जानें ये आसान विधि
Last Updated:
सीतामढ़ी की गृहणी खुशबू कुमारी ने घर पर आसान सामग्री से बाजार जैसे मुलायम गुलाब जामुन बनाने की खास रेसिपी साझा की है. अक्सर लोगों को लगता है कि गुलाब जामुन बनाना मुश्किल है, लेकिन सूजी और दूध से यह मिठाई बेहद आसान तरीके से तैयार की जा सकती है.
सीतामढ़ी की गृहणी खुशबू कुमारी ने घर पर आसान सामग्री से बाजार जैसे मुलायम गुलाब जामुन बनाने की खास रेसिपी साझा की है. अक्सर लोगों को लगता है कि गुलाब जामुन बनाना मुश्किल है, लेकिन सूजी और दूध से यह मिठाई बेहद आसान तरीके से तैयार की जा सकती है. कम सामग्री और कम समय में बनने वाली यह रेसिपी खासतौर पर त्योहार, जन्मदिन या घर में किसी विशेष मौके के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। उनका कहना है कि अगर सही तरीके से सूजी को भिगोया जाए और आंच का ध्यान रखा जाए तो जामुन बिल्कुल बाजार जैसे मुलायम और रसीले बनते हैं.
खुशबू कुमारी के अनुसार, सबसे पहले एक कप बारीक सूजी लें और उसे आधा से तीन-चौथाई कप गुनगुने दूध में 10–15 मिनट के लिए भिगो दें. जब सूजी अच्छी तरह फूल जाए तो उसे हाथ से मसलकर नरम आटा जैसा गूंथ ले. जरूरत हो तो एक-दो चम्मच दूध और मिला सकते हैं. आटा ज्यादा सख्त या ज्यादा ढीला नहीं होना चाहिए. इसके बाद हाथ में थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे चिकने गोले बना लें। ध्यान रहे कि गोले में दरार न हो, वरना तलते समय जामुन फट सकते हैं.
जामुन हमेशा धीमी आंच पर ही तलें
खुशबू कुमारी बताती हैं कि जामुन हमेशा धीमी आंच पर ही तलें, तभी वे अंदर तक पकते हैं और बाहर से सुनहरे बनते हैं. तेज आंच पर तलने से जामुन बाहर से काले और अंदर से कच्चे रह सकते हैं. दूसरी ओर एक अलग बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर चाशनी तैयार करें. चाशनी को ज्यादा गाढ़ा नहीं, बल्कि एक तार से थोड़ा पतला रखें और उसमें इलायची पाउडर डालकर खुशबू बढ़ाएं. तले हुए गर्म जामुन को सीधे गुनगुनी चाशनी में डाल दें और ढककर कम से कम 30 मिनट तक रहने दें, ताकि वे चाशनी अच्छी तरह सोख लें. खुशबू कुमारी कहती हैं कि आधे घंटे बाद जामुन बेहद मुलायम, रसीले और स्वाद से भरपूर तैयार हो जाते हैं. यह आसान सूजी-दूध के गुलाब जामुन न सिर्फ स्वाद में शानदार होते हैं, बल्कि कम खर्च में घर पर ही मिठास घोल देते है.