Skin Care Tips | Natural Remedies For Soft Skin | बदलते मौसम में स्किन केयर | चेहरे की ड्राइनेस दूर करने के नुस्खे |
Last Updated:
Skin Care Tips: बदलते मौसम की दस्तक के साथ ही त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं. सर्दी की विदाई और गर्मी के आगाज के बीच हवा में मौजूद रूखापन त्वचा की नमी छीन लेता है, जिससे स्किन बेजान और ड्राई नजर आने लगती है. डॉ. कविता महेश्वरी के अनुसार, इस मौसम में केमिकल युक्त ब्यूटी प्रोडक्ट्स के बजाय आयुर्वेदिक और देसी तरीके अपनाना ज्यादा सुरक्षित है. जानिए इस बदलते मौसम में कैसे आप अपनी स्किन का खास ख्याल रख सकते हैं.
Skin Care Tips in Hindi: सर्दी के बाद अब मौसम ने करवट लेना शुरू कर दी है. धीरे-धीरे लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है, लेकिन इस बदलते मौसम में हमारी त्वचा को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. हवा में बदलाव की वजह से त्वचा में ड्राइनेस यानी रूखापन आ जाती है और वह फटने लगती है. ऐसे में लोग अक्सर बाजार में मिलने वाले महंगे और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, जो त्वचा को फायदे के बजाय नुकसान पहुंचा सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि घर में मौजूद देसी तरीकों से आप अपनी स्किन को स्वस्थ रख सकते हैं.
फिरोजाबाद आयुष विंग हॉस्पिटल की चिकित्सक डॉ. कविता महेश्वरी ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि आयुर्वेद में सूर्य की गति के हिसाब से 6 ऋतुओं का वर्णन किया गया है. वर्तमान में शिशिर ऋतु का प्रभाव है, जिसके कारण शरीर और त्वचा में प्राकृतिक रूप से रूखापन बढ़ जाता है. इस समस्या से निपटने के लिए डॉ. महेश्वरी ने सलाह दी है कि इस मौसम में बादाम और तिल के तेल से पूरे शरीर की मालिश करनी चाहिए. यह न केवल त्वचा को नमी देता है, बल्कि रक्त संचार को भी बेहतर बनाता है.
खान-पान और नहाने के तरीके में करें बदलाव
त्वचा की चमक बनाए रखने के लिए बाहरी लेप के साथ-साथ खान-पान पर ध्यान देना भी जरूरी है. चिकित्सक के अनुसार, भोजन में लिक्विड डाइट जैसे दही और छाछ का अधिक प्रयोग करना चाहिए. वहीं, नहाते समय साबुन के बजाय दही, मुलेठी, चंदन और हल्दी के मिश्रण का उपयोग करें. यह आयुर्वेदिक उबटन त्वचा की गहराई से सफाई करता है और प्राकृतिक नमी को लॉक कर देता है, जिससे स्किन लंबे समय तक सॉफ्ट बनी रहती है.
केमिकल प्रोडक्ट्स से बढ़ सकता है खतरा
अक्सर देखा जाता है कि महिलाएं त्वचा को फटने से बचाने के लिए कई तरह के केमिकल सीरम और क्रीम का इस्तेमाल शुरू कर देती हैं. आयुर्वेदिक विशेषज्ञों का कहना है कि इन प्रोडक्ट्स में मौजूद तत्व संवेदनशील त्वचा के लिए हानिकारक हो सकते हैं. अगर त्वचा अधिक ड्राई हो रही है, तो घरेलू नुस्खों को प्राथमिकता दें या किसी विशेषज्ञ से सलाह लें. प्राकृतिक चीजों का सही संतुलन ही इस बदलते मौसम में आपकी त्वचा की असली सुरक्षा है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें