Ghaziabad Mazar Demolition Case| Hindu Raksha Dal| Ghaziabad News| गाजियाबाद लोकल खबर
Ghaziabad Mazar Demolition: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में हिंडन नदी के पास स्थित एक पुरानी मजार को हथौड़े से तोड़ने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. सोशल मीडिया पर मजार तोड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंदू रक्षा दल के एक पदाधिकारी प्रिंस ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी को भी ‘अवैध’ के नाम पर कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. वहीं, दूसरी ओर हिंदू रक्षा दल के प्रमुख पिंकी चौधरी ने इस गिरफ्तारी पर रोष जताते हुए प्रशासन को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.
घटना साहिबाबाद थाना क्षेत्र के हिंडन छठ पूजा घाट के पास की है. हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, 25 वर्षीय प्रिंस ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ फ्लाईओवर के नीचे स्थित एक मजार के ढांचे को हथौड़े से ध्वस्त करता नजर आ रहा है. आरोपी ने न केवल मजार को तोड़ा, बल्कि इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया.
प्रिंस ठाकुर का दावा है कि यह मजार अवैध रूप से सरकारी जमीन और छठ पूजा घाट के पास बनाई गई थी और हिंदू रक्षा दल किसी भी प्रकार के ‘लैंड जिहाद’ या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगा. मजार तोड़ने के बाद आरोपियों ने वहां से मलबा भी साफ करवा दिया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि वे हस्तक्षेप नहीं करेंगे, तो संगठन आगे की कार्रवाई खुद करेगा.
रविवार: साहिबाबाद के हिंडन पुल के नीचे स्थित दशकों पुरानी मजार को प्रिंस ठाकुर और उसके साथियों ने हथौड़े से तोड़ना शुरू किया. मजार को तोड़ने का वीडियो मौके पर ही रिकॉर्ड किया गया. साथ ही, इस वीडियो को सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हथौड़े चलते और भड़काऊ बयानबाजी देखी गई.
रविवार देर रात: वीडियो वायरल होते ही गाजियाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. साहिबाबाद की एसीपी श्वेता यादव ने जांच के आदेश दिए. जांच के बाद पुलिस ने प्रिंस ठाकुर की पहचान की और प्राथमिकी (FIR) दर्ज की.
सोमवार सुबह: पुलिस ने दबिश देकर नंदग्राम निवासी प्रिंस ठाकुर को गिरफ्तार किया.
सोमवार दोपहर: हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी और सुजल सक्सेना ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रशासन को चेतावनी दी और आंदोलन की धमकी दी.
मंगलवार: बिहारी नगर मामले में आदर्श दुबे और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ घंटाघर कोतवाली में एक और FIR दर्ज की गई.
पिंकी चौधरी की चेतावनी, कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं
इस गिरफ्तारी के बाद हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी खुलकर अपने कार्यकर्ता के समर्थन में आ गए हैं. उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा,
हिंडन पुल के नीचे अवैध मजार बनाकर वहां जादू-टोना और महिलाओं को बहलाने-फुसलाने का काम किया जा रहा था. जब हमारे कार्यकर्ताओं ने नगर निगम को जागरूक करने के लिए कदम उठाया, तो पुलिस ने उन पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया. यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके कार्यकर्ताओं पर ‘अनावश्यक’ कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे.
क्या कहा पुलिस ने?
वीडियो के संज्ञान में आते ही साहिबाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की. साहिबाबाद की एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि धार्मिक भावनाएं भड़काने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की धाराओं के तहत आरोपी प्रिंस ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसीपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि, ‘किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है. यदि कोई निर्माण अवैध है, तो उसके लिए वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए, न कि तोड़फोड़.’ वहीं, घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के बिहारी नगर में भी एक ऐसी ही घटना को लेकर आदर्श दुबे और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.