Holi Sweet Dish: लौकी से बनती है रीवा की शाही मिठाई कपूरकंद, इस होली करें ट्राई, मेहमान पूछेंगे रेसिपी – Madhya Pradesh News
Last Updated:
Lauki Kapoorkand Sweet Recipe: लौकी का कपूरकंद इसे रीवा की शाही मिठाई भी कहा जाता है. ये स्वाद के साथ ही सेहत के लिए फायदेमंद है. अगर आपका बच्चा लौकी न खाए तो इसे ट्राई कर सकती हैं. इससे बच्चे को लौकी में मिलने वाले सारे पौष्टिक गुणों का लाभ मिल जाएगा. जानें बनाने की विधि…
Rewa Famous Sweet: कोई त्योहार हो और रीवा के घरों में लौकी से बनने वाली स्वादिष्ट मिठाई ‘कपूरकंद’ न बने, ऐसा हो ही नहीं सकता. खासकर दिवाली, दशहरा, होली पर जरूर बनती है. रीवा के किले में शाही परिवार के लोग भी इसे खूब पसंद करते हैं. रीवा किले का दशहरा प्रसिद्ध है. यहां दशहरे पर लोगों को प्रसाद के रूप में भी इसी मिठाई का वितरण किया जाता है. होली मिलन समारोह के अवसर पर भी शान के साथ ये मिठाई परोसी जाती है.
लौकी से बनी कपूरकंद मिठाई स्वाद के साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद है. कई लोग लौकी की सब्जी काफी बेमन से खाते हैं. ज्यादातर बच्चे भी लौकी खाना पसंद नहीं करते हैं. ऐसे में लौकी में मौजूद ढेरों पौष्टिक तत्व उन्हें नहीं मिल पाते. अगर आपके घर में भी कुछ ऐसे ही हालात हैं तो बच्चों के लिए खास लौकी का कपूरकंद तैयार कर सकते हैं. लौकी के कपूरकंद में लौकी की सब्जी की तरह ही सारे गुण मौजूद रहते हैं. जानें इसकी रेसिपी…
लौकी का कपूरकंद बनाने के लिए सामग्री
लौकी- 1
चीनी- 1 कप (100 ग्राम)
मावा/खोया- 1/2 कप (50 ग्राम)
दूध- 1 बड़ा कप
इलायची पाउडर- 1 टी स्पून
घी- 2 टेबल स्पून
फ्रेश मलाई- 3 टेबल स्पून
सूखे मेवे- 2 टेबल स्पून
लौकी को पहले फ्राई करें
कपूरकंद बनाने के लिए सबसे पहले लौकी लें और उसे छील लें. जब लौकी छिल जाए तो उसे कद्दूकस कर लें और इसे एक तरफ रख दें. अब एक कड़ाही लें और उसमें 2 टेबल स्पून घी डालकर गैस पर गर्म करें. इस दौरान गैस की फ्लेम मीडियम पर रखें. जब घी गर्म होकर पिघल जाए तो उसमें कद्दूकस की हुई लौकी डाल दें और फ्राई करें.
दूध को तब तक पकाएं…
लौकी फ्राई करने के दौरान हल्की भूरी दिखाई देने लगे तो उसमें एक बड़ा कप दूध डाल दें और पकाएं. इसे तब तक पकने दें जब तक कि दूध लगभग पूरी तरह से सूख न जाए. अब इसमें चीनी और मावा डालकर दोनों को लौकी के साथ अच्छी तरह से मिक्स कर दें. इसके बाद कपूरकंद को लगभग दस मिनट तक चलाते हुए पकाएं.
गर्म और ठंडी दोनों टेस्टी
जब मावा अच्छी तरह से भुन जाए तो तीन चम्मच फ्रेश मलाई, इलायची पाउडर और कटे सूखे मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता) को डाल दें. दो मिनट तक चलाते हुए पकाए और फिर गैस बंद कर दें. इस तरह आपका स्वादि्ष्ट रीवा की शाही मिठाई लौकी का कपूरकंद तैयार हो जाएगी. अब ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें. इसे गर्मागर्म सर्व करें, अगर लौकी के कपूरकंद को ठंडा कर खाना चाहते हैं तो इसे कुछ वक्त के लिए फ्रिज में रखने के बाद खाया जा सकता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें