T20 World Cup Super-8: सुपर-8 में पहुंचा भारत, लेकिन पाकिस्तान का क्या? करारी हार के बाद जानें समीकरण
Last Updated:
Pakistan Super-8 Equation after IND vs PAK Match: पाकिस्तान के पास सुपर-8 में पहुंचने का आखिरी मौका बचा है. भारत से कोलंबो में शर्मसार होने के बाद अब सलमान अली आगा की टीम को अपने लास्ट ग्रुप मैच में नामीबिया को हराना होगा. अगर नामीबिया ने उलटफेर किया तो पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप से छुट्टी हो जाएगी.

पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए क्या करना होगा
नई दिल्ली. भारत ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में 61 रन से पटखनी देकर सुपर-8 का टिकट कटा लिया. कोलंबो में पहले ईशान किशन का तूफान आया, फिर भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बैंड बजाई. पाकिस्तान की यह टी20 वर्ल्ड कप में रनों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार है. भारत ने तो तीन जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 ग्रुप में एंट्री कर ली है, लेकिन पाकिस्तान इस शर्मनाक हार के बाद अब क्या सुपर-8 में पहुंच सकता है? उसे सुपर-8 में पहुंचने के लिए क्या करना होगा? चलिए हम आपको बताते हैं.
यूएसए से भी नीचे पहुंचा पाकिस्तान
ग्रुप-ए में मौजूद भारतीय टीम ने अब तक खेले तीनों मैच जीतकर 6 अंक हासिल किए और सुपर-8 में जगह पक्की कर ली. भारत ग्रुप में नंबर-1 बना हुआ है. दूसरे नंबर पर यूएसए की टीम है, जिसने चार मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हासिल किए हुए हैं. पाकिस्तान के भी चार अंक हैं, लेकिन भारत से हारकर उसका नेट रन रेट यूएसए से काफी कम हो गया, जिसके चलते वह तीसरे नंबर पर आ गया है. पाकिस्तान ने तीन मैच खेले हैं, जिसमें दो जीत मिली हैं.
पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए क्या करना होगा
पाकिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए अब क्या करना होगा?
पाकिस्तान के पास सुपर-8 में पहुंचने का आखिरी मौका बचा है. नामीबिया के खिलाफ पाकिस्तान अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलेगा, जिसमें अगर जीत मिलती है तो वह 6 अंक लेकर इस ग्रुप से सुपर-8 में पहुंचने वाली भारत के बाद दूसरी टीम बन जाएगी. वहीं, अगर मैच किसी कारण रद्द भी होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा. इस स्थिति में भी पाकिस्तान की सुपर-8 में एंट्री हो जाएगी, लेकिन नामीबिया ने अगर हरा दिया तो पाक की टी20 वर्ल्ड कप से छुट्टी हो जाएगी, क्योंकि उसके चार ही अंक रहेंगे और यूएसए के भी इतने ही अंक हैं. ऐसे में बेहतर रनरेट की वजह से यूएसए सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर जाएगी.
भारत की बादशाहत बरकरार
भारत ने पाकिस्तान को रौंदकर टी20 वर्ल्ड कप में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत की बादशाहत बरकरार रखी है. टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह आठवीं जीत है. पाकिस्तान भारत को इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही बार हरा पाया है. इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने क्रमशः बांग्लादेश, बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को 6-6 बार हराया है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें