राम मंदिर में फिर बड़ा आयोजन, देश की राष्ट्रपति होंगी शामिल, जानें क्या-क्या तैयारी?

Share to your loved once


अयोध्या: अयोध्या में 19 मार्च को राम मंदिर परिसर में भव्य आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मंदिर निर्माण से जुड़े मजदूरों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को सम्मानित किया जाएगा. ट्रस्ट ने तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है.

बताया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर देश की राष्ट्रपति भी अयोध्या पहुंचेंगी. कार्यक्रम के दौरान वे राम मंदिर के परकोटे में स्थित एक मंदिर पर ध्वजारोहण भी करेंगी. इसे मंदिर निर्माण यात्रा के महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है.

5000 विशिष्ट मेहमान होंगे शामिल

प्रशासन और ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, इस आयोजन में लगभग 5000 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है. इनमें राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और आंदोलन के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले लोग शामिल होंगे. इसके साथ ही कारसेवकों के परिवारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित करने की योजना है.ताकि उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान दिया जा सके.

ट्रस्ट की बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों की सूची, आवास, यातायात, सुरक्षा और मंच व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है. अयोध्या प्रशासन भी आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय स्थापित कर रहा है. शहर में साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और अतिथि स्वागत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

राम मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा

यह आयोजन न केवल मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर होगा, बल्कि राम मंदिर निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को याद करने का भी विशेष क्षण माना जा रहा है. अयोध्या एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी के लिए तैयार हो रही है.

राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मार्च महीने में राम मंदिर में भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी ने राष्ट्रपति से कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए अनुरोध भी किया है. कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई जा रही है. 19 मार्च 2026 की तारीख भी लगभग फाइनल हो चुकी है. तैयारियां तेजी के साथ की जा रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP