‘खेल नहीं, दुश्मनों के साथ खून की होली खेली जाती है’ भारत-पाकिस्तान मैच पर बोले कांग्रेस नेता राशिद अल्वी
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने विश्व कप में भारत-पाकिस्तान के मैच पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पाकिस्तान के साथ कोई मैच नहीं खेला जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि खेल दोस्तों के साथ खेला जाता है, दुश्मनों के साथ सिर्फ खून की होली खेली जाती है.
राशिद अल्वी ने कहा, ‘जो लोग हमारे मुल्क में आकर दहशतगर्दी फैलाते हैं, आतंक फैलाते हैं और हमारे लोगों को मारते हैं, उनके साथ हार-जीत का खेल हम कैसे खेल सकते हैं? खेल क्रिकेट का हो या कोई भी हो, दोस्तों के साथ खेला जाता है. दुश्मनों के साथ तो होली खेली जाती है और वो भी खून की होली खेली जाती है.’
राशिद अल्वी ने आगे कहा, ‘निश्चित तौर पर पाकिस्तान आतंक से कभी बाज नहीं आया. हमने देखा कि पहलगाम के अंदर क्या किया है. अभी थोड़ा ही वक्त गुजरा है, हमारे 28-29 भाइयों का कत्ल कर दिया गया था. तो इसके लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है.’
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड भारत सरकार की मर्जी के बिना काम नहीं करता है. अगर भारत सरकार यह कह दे कि मैच नहीं होगा, तो बोर्ड मैच नहीं खेलेगा. यह फैसला सिर्फ बोर्ड के हाथ में नहीं है. यह भारत सरकार के बिना संभव नहीं है. इसके लिए सिर्फ भारत सरकार जिम्मेदार है.
हालांकि, रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले पर उन्होंने कहा कि इसमें भारत जीतेगा और पाकिस्तान की हार बहुत बुरी तरह होगी. हर बार की तरह सिर्फ पाकिस्तान हारने वाला है और हमारी टीम जीतने वाली है.
उधर कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान का टी20 विश्व कप में खेलना वर्तमान में चर्चा का विषय लग रहा है और यह कि क्या हमें ऐसा करना चाहिए या नहीं. बड़ा मुद्दा यह है कि क्या हम पाकिस्तान के साथ कोई संबंध चाहते हैं? क्या हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे बीच कोई शत्रुता न हो, कोई सीमा पर आतंकवाद न हो? क्या हम शांतिपूर्ण पड़ोसी के रूप में रहना चाहते हैं? हम अपनी साझा सीमा को नजरअंदाज नहीं कर सकते. यही मुद्दा है.’
वहीं समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ‘जब पाकिस्तान के लोग हमारे देश में इतना बड़ा आतंकवाद करते हैं, तो एक तरफ आतंकवाद बढ़ता है, दूसरी तरफ दोस्ती बढ़ती है. मेरा मानना है कि दोनों को साथ-साथ नहीं चलना चाहिए.’