प्यार, जाति और मौत…! लड़की के घर के पास मिली कार से गहराया शक, परिवार बोला- हत्या की गई
यह है कपल
नोएडा के सेक्टर 39 थाने में सड़क किनारे खड़ी कार में दो शव मिले. लड़की की पहचान रेखा नाम से हुई, जो नोएडा थाना सेक्टर 58 क्षेत्र की रहने वाली है. वहीं, लड़के का नाम सुमित है, जो त्रिलोकपुरी निवासी है. दोनों कल से ही अपने अपने घर से गायब थे. इनके गायब होने की खबर पुलिस को दी गई थी. अब जब परिवार को पता चला कि सुमित और रेखा नहीं रहे तो उनके होश उड़ गए. सुमित के परिवार वालों ने मीडिया से बात की.
12 साल से जानते थे एक दूसरे को
उन्होंने कहा कि लड़का-लड़की पिछले 10-12 साल से एक दूसरे को जानते थे. दोनों के बीच दोस्ती थी. सुमित के परिवार की तरफ से शादी को लेकर कोई दिक्कत नहीं थी. मगर, अलग-अलग जाति होने के चलते लड़की के परिवार वाले तैयार नहीं थे. शुक्रवार शाम को सुमित अपनी अल्ट्रास गाड़ी लेकर निकला था, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था. परिवार वालों ने मयूर विहार थाने में उसकी गुमशुद्धि की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
परिवार का बड़ा आरोप
मृतक सुमित के चचेरे भाई सचिन ने आरोप लगाया कि जिस तरीके से गाड़ी लड़की के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी और लड़की के परिवार को शुक्रवार रात से ही इनकी लोकेशन पता थी. ऐसे में लगता है की सुमित की भी हत्या की गई है.
हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस को यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. जिस तरीके से गाड़ी के अंदर सुमित के हाथ में पिस्तौल थी. पुलिस को लगता है कि सुमित ने पहले लड़की की गोली मारकर हत्या की और उसके बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी. लड़की के परिवार ने भी नोएडा के सेक्टर 58 थाने में शुक्रवार रात को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई हुई थी.
सुमित का लास्ट मैसेज वायरल
सुमित ने मरने से पहले एक वॉट्सअप मैसेज किया है. उसने लिखा है कि मैं सुमित मरने जा रहा हूं. मेरे मरने की जिम्मेदार रेखा है. उसने मेरे साथ 15 साल बिताए और मुझसे वादा किया था कि मुझसे शादी करेगी और अब वो किसी और से शादी करने जा रही है. इसलिए मैं सुसाइड कर रहा हूं. मुझे धोखा दिया रेखा ने इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं.