Shadley van Schalkwyk: तीन मैच में 11 विकेट… कौन हैं शैडली वैन, T20 वर्ल्ड कप में बल्लेबाजों के लिए बने काल, भारत-पाकिस्तान को भी सताया
Last Updated:
Who is USA all rounder Shadley van Schalkwyk: यूएसए के 37 साल के ऑलराउंडर शैडली वैन शल्कविक अपनी तूफानी गेंदबाजी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तहलका मचा रहे हैं. वह अब तक खेले तीन मैचों में 11 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं. शैडली वैन शल्कविक ने भारत और पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में कुल आठ विकेट चटकाए. भारत के मैच में इस ऑलराउंडर ने विस्फोटक बल्लेबाजी से सजी बैटिंग को तहस-नहस कर दिया था.

टी20 वर्ल्ड कप में तहलका मचा रहा अमेरिकी ऑलराउंडर.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहले ही दिन से धमाकेदार मैच देखने को मिले हैं. यूएस, नामीबिया, नेपाल जैसी छोटी टीमों ने टॉप रैंकिंग वाले देशों अपने दमदार प्रदर्शन से चौंकाया है. कई अनजान चेहरे इस टूर्नामेंट में अब तक अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उभरकर सामने आए हैं. इन्हीं में एक हैं, अमेरिका के ऑलराउंडर शैडली वैन शल्कविक, जिन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से तहलका मचाया हुआ है. भले ही उनकी उम्र 37 साल है, लेकिन उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव बहुत कम है. इसलिए वह क्रिकेट फैंस के लिए अनजान भी हैं. अमेरिका के इस स्टार की बॉलिंग की टूर्नामेंट में तूती बोल रही है. भारत और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी शैडली का दबदबा देखने को मिला.
धुरंधरों के बीच चमका यूएसए का स्टार
टूर्नामेंट में जहां एक और जसप्रीत बुमराह जोफ्रा आर्चर जैसे धुरंधर गेंदबाज खेल रही हैं. उनके बीच शैडली अपनी जबरदस्त बॉलिंग से छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं. शैडली अब तक खेले तीन मैचों में 11 विकेट चटका चुके हैं. टी20 वर्ल्ड कप में 21 मुकाबलों के बाद वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं, जिसमें दो बार चार विकेट लेना शामिल है. दूसरा कोई गेंदबाज 10 विकेट तक भी नहीं पहुंच सका है. 6.45 की औसत से इस अमेरिकी गेंदबाज ने बॉलिंग की है.
टी20 वर्ल्ड कप में तहलका मचा रहा अमेरिकी ऑलराउंडर.
भारत और पाकिस्तान मैच में दिखा दबदबा
शैडली का भारत और पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दबदबा देखने को मिला. शैडली ने मेजबान भारत के खिलाफ ही टूर्नामेंट में अपने पहला मुकाबला खेला, जिसमें अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्य्यकुमार यादव जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के सामने ने सिर्फ नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की, बल्कि भारतीय टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. शैडली ने पारी के छठे ओवर में तीन विकेट लेकर भारतीय बैटिंग की कमर तोड़ दी थी. पावरप्ले के आखिरी ओवर में इस अमेरिकी स्टार ने ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे को चलता किया. मैच में उन्होंने चार ओवर किए सिर्फ 25 रन देकर चार विकेट चटकाए.
सिर्फ भारत ही नहीं, अपने अगले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ भी कहर बरपाया. शैडली ने इस मुकाबले में किफायती गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर चार विकेट चटकाए. शैडली ने सैम अयूब, कप्तान सलमान आगा, शादाब खान के बड़े विकेट झटके. हालांकि, टीम को जीत दिलाने के लिए उनका यह प्रदर्शन काफी नहीं था. शैडली ने नीदरलैंड के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा, जिसके चलते यूएसए को टूर्नामेंट की पहली जीत मिली. इस मैच में शैडली ने तीन विकेट चटकाए.
कौन हैं शैडली वैन शल्कविक?
शैडली वैन शल्कविक साउथ अफ्रीका में जन्मे क्रिकेटर हैं. उनके क्रिकेट करियर की शुरुआत साउथ अफ्रीका से ही हुई. उन्होंने घरेलू क्रिकेट साउथ अफ्रीका में खेला और 2008 में Western Province का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने फर्स्ट क्लास में 2593 रन और 239 विकेट वहीं लिस्ट ए में 1113 रन और 26 विकेट चटकाए. इस प्रदर्शन के बाद भी उन्हें साउथ अफ्रीका की नेशनल टीम में जगह नहीं मिली, जिसके बाद 2020 के दशक में वे अमेरिका चले गए और 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिकी टीम का हिस्सा रहे. मेजर लीग क्रिकेट में वे Los Angeles Knight Riders के लिए खेलते हैं, जबकि ILT20 में वे Abu Dhabi Knight Riders की टीम में हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में शैडली वैन शल्कविक ने अब तक 13 वनडे और 17 T20I मैच खेले हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें