राजपाल यादव पर शंभू शिखर का छलका दर्द, अमिताभ बच्चन का दिया उदाहरण- ‘फिर से सबको हंसाएंगे’
Last Updated:
हास्य कवि शंभू शिखर ने अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किल हालात पर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि राजपाल और उनका परिवार फिलहाल गंभीर मानसिक व आर्थिक संकट से गुजर रहा है. अमिताभ बच्चन के दिवालिया होने के दौर का उदाहरण देते हुए शंभू ने विश्वास जताया कि राजपाल अपनी मेहनत से जल्द वापसी करेंगे. साथ ही, उन्होंने नए कलाकारों को सलाह दी कि इंडस्ट्री में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है. रील वायरल होना और असली स्टार बनने में फर्क होता है.

राजपाल यादव की मदद को लोग आगे आ रहे हैं.
नई दिल्ली: मशहूर हास्य कवि शंभू शिखर ने हाल में एक्टर राजपाल यादव के जीवन में चल रहे मुश्किल दौर पर गहरी चिंता जाहिर की है. शंभू ने आईएएनएस के साथ एक खास बातचीत में बताया कि राजपाल यादव और उनका पूरा परिवार पिछले काफी समय से मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है. उन्होंने बयां किया कि पिछले साल अगस्त में जब वे राजपाल के साथ करीब एक हफ्ते तक रहे थे, तब उन्होंने एक्टर को इस समस्या को लेकर बेहद तनाव में देखा था. राजपाल की पत्नी भी इस मुश्किल वक्त से उबरने के लिए जी-जान से कोशिश कर रही हैं.
शंभू के अनुसार, परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और इस स्थिति ने पूरे घर को प्रभावित किया है, हालांकि मनोरंजन जगत के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे भी आए हैं. शंभू शिखर ने कलाकारों के जीवन की दुविधा पर बात करते हुए सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब अमिताभ बच्चन पूरी तरह दिवालिया हो गए थे और उनका बंगला तक बिकने की नौबत आ गई थी, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और जुनून से शानदार वापसी की. शंभू को पूरा भरोसा है कि राजपाल यादव भी अपनी मेहनत के दम पर इन चुनौतियों को मात देंगे और जल्द ही पर्दे पर वापसी कर दर्शकों को फिर से गुदगुदाएंगे. उन्होंने माना कि एक कलाकार की जिंदगी कभी-कभी असंतुलित हो जाती है, लेकिन प्रतिभाशाली व्यक्ति को गिरकर संभलना बखूबी आता है.
इंडस्ट्री में बहुत हैं चुनौतियां
एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने वाले नए कलाकारों को सलाह देते हुए शंभू ने कहा कि यहां सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रातों-रात रील वायरल होकर स्टार बन जाना एक अलग बात है, लेकिन एक मुकम्मल फिल्म बनाने में सालों का पसीना और कड़ी मेहनत लगती है. कई युवा सीधे हीरो बनने का ख्वाब लेकर आते हैं, जबकि वे बुनियादी अभिनय की बारीकियों से भी अनजान होते हैं. शंभू के मुताबिक, इंडस्ट्री में चुनौतियां बहुत हैं और कई बार बेहद टैलेंट लोगों को भी काम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन जो कलाकार अपनी काबिलियत पर भरोसा रखकर निरंतर प्रयास करता है, उसे देर-सवेर सफलता जरूर मिलती है.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें