USA vs NED Highlights: अमेरिका ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, सबसे बड़ी जीत दर्ज की, नीदरलैंड को पहली बार दी पटखनी
Last Updated:
USA vs NED Highlights: अमेरिका ने टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है. अमेरिका टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली एसोसिएट टीम बनी.उसने नीदरलैंड को 93 रन से हराया. ऐसा पहली बार हुआ है जब यूएसए की टीम ने टी20 इंटरनेशनल में नीदरलैंड को मात दी. इससे पहले उसे तीन टी20 मैचों में हार मिली थी.

अमेरिका ने नीदरलैंड पर पहली बार जीत दर्ज की.
नई दिल्ली. अमेरिका ने नीदरलैंड को हराकर अपने नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली. टी20 वर्ल्ड कप मैच में अमेरिका ने नीदरलैंड को 93 रन से हराया. यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में किसी एसोसिएट टीम की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले यह रिकॉर्ड नेपाल के नाम था जिसने साल 2014 में चटगांव में हॉन्गकॉन्ग को 80 रन से शिकस्त दी थी. अमेरिका की यह नीदरलैंड पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली जीत भी है. इससे पहले अमेरिका ने नीदरलैंड से तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे और सभी मैचों में उसे हार मिली थी. इस जीत से अमेरिका का पॉइंट टेबल में खाता भी खुल गया. दो अंक लेकर अमेरिका भारत के ग्रुप में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है.
अमेरिका ने साईतेजा मुक्कमल्ला (79 रन) के अर्धशतक और बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह (21/4) के चार विकेट की मदद से ग्रुप ए मैच में नीदरलैंड को 93 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की. मुक्कमल्ला और अंत में शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी से अमेरिका ने छह विकेट पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. मुक्कमल्ला की 51 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े थे. फिर पूर्व भारतीय अंडर-19 स्टार हरमीत के चार ओवर में चार विकेट और शाडली वान शाल्कविक के 2.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट झटकने से अमेरिका ने नीदरलैंड को 15.5 ओवर में महज 103 रन पर समेट दिया.
अमेरिका ने नीदरलैंड पर पहली बार जीत दर्ज की.
हरमीत का यह प्रदर्शन अमेरिका के लिए टी20 विश्व कप मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा. मोहम्मद मोहसिन ने तीन ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके. बाएं हाथ के स्पिन नोसतुश केंजिगे को भी एक विकेट मिला. नीदरलैंड का कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका. उसके लिए बास डि लीडे 23 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे. उनके अलावा कप्तान स्कॉट एड्वर्ड्स ने 20 रन का योगदान दिया.
इससे पहले मुक्कमल्ला ने कप्तान मोनंक पटेल (36) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और मुंबई के पूर्व ऑलराउंडर रंजने (24 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े. हैदराबाद में वीवीएस लक्ष्मण की क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग ले चुके मुक्कमल्ला की बल्लेबाजी की खासियत उनके ‘ऑफ-साइड’ पर लगाए गए शॉट रहे जिसमें कवर्स के ऊपर लगे छक्के शामिल थे. वहीं रंजने ने पारी के अंत में नीदरलैंड के गेंदबाजों की योजना को असफल करते हुए रन जुटाए. पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक जड़ने वाले रंजने अच्छी फॉर्म में थे. जब दोनों खेल रहे थे तो लग रहा था कि स्कोर 200 रन के पार हो जाएगा. हालांकि लोगान वान बीक और बास डि लीडे ने धीमी पिच का फायदा उठाते हुए उन्हें इससे पहले ही रोक दिया. नीदरलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम डि लीडे के बेटे डि लीडे ने अपने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें