ENG vs SCO Match Preview: स्कॉटलैंड से बचकर रहना रे बाबा! इंग्लैंड के लिए करो-मरो का मुकाबला, जीत से जगेगी सुपर 8 की उम्मीद

Share to your loved once


कोलकाता. इंग्लैंड की टीम अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है, और अगर उसे सुपर आठ में जगह बनाने की उम्मीद बरकरार रखनी है तो शनिवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में बड़ी जीत जरूरी है. वेस्टइंडीज लगातार दो जीत के साथ ग्रुप में सबसे ऊपर है, जबकि स्कॉटलैंड, इटली और इंग्लैंड ने एक-एक जीत हासिल की है. नेट रन रेट के आधार पर स्कॉटलैंड ने इटली पर बड़ी जीत से दूसरा स्थान पाया है. इसलिए शनिवार का मैच दूसरे स्थान की दौड़ में किसी भी टीम को बढ़त दिला सकता है, क्योंकि दोनों टीमों से अपने आखिरी ग्रुप मैच जीतने की उम्मीद है.

स्कॉटलैंड का आखिरी लीग मैच नेपाल से और इंग्लैंड का इटली से होगा. इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी पुरानी है. स्कॉटलैंड ने कई बार इंग्लैंड को हराया है और उसकी टीम इस बार भी उसी प्रदर्शन से प्रेरणा लेना चाहेगी. स्कॉटलैंड के ओपनर जॉर्ज मुन्सी और माइकल जोन्स ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया था. दोनों ने इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद के दो ओवर में 26 रन बनाए थे और इस बार भी उनका मुकाबला देखने लायक होगा.

इंग्लैंड को स्कॉटलैंड पर बड़ी जीत की दरकार है.

इंग्लैंड पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन की हार के बाद दबाव बढ़ गया है. हैरी ब्रुक की कप्तानी वाली टीम मुश्किल में है. नेपाल के खिलाफ शुरुआती मैच में भी इंग्लैंड हार के करीब था, लेकिन आखिर में चार रन से जीत गया. वानखेड़े की पिच पर हार ने इंग्लैंड की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कमजोरी को उजागर किया. वेस्टइंडीज के खिलाफ 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड बीच के ओवरों में अच्छा नहीं खेल पाया और 19 ओवर में 166 रन पर आउट हो गया.

इंग्लैंड का कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ रिकॉर्ड भी खास नहीं है. उसने टी20 विश्व कप में ऐसी टीमों के खिलाफ नौ मैच खेले हैं, जिनमें चार जीते और तीन हारे. उसे दो बार नीदरलैंड और एक बार आयरलैंड से हार मिली है. बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार करने के बाद स्कॉटलैंड ने देर से विश्व कप में एंट्री ली, लेकिन अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है. पहले मैच में वेस्टइंडीज से हार मिली थी, लेकिन दूसरे मैच में इटली को हराकर टीम ने वापसी की. बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने अच्छा खेल दिखाया और टीम अपनी लय बरकरार रखने के लिए उत्साहित है.

टीम इस प्रकार हैं: इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड.

स्कॉटलैंड: रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली क्यूरी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रीव्स, ज़ैनुल्लाह इहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैकक्रीथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुन्सी, सफ्यान शरीफ, मार्क वाट और ब्रैड व्हील.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP