Purple Cabbage: सेलिब्रिटीज की पहली पसंद है पर्पल पत्तागोभी, आप भी अपने घर पर उगाएं, जानें आसान तरीका

Share to your loved once


Last Updated:

Purple Cabbage: अक्सर बड़े फाइव स्टार रेस्टोरेंट्स के सलाद में आपने गहरे बैंगनी या पर्पल रंग की पत्तागोभी देखी होगी. यह दिखने में जितनी आकर्षक होती है, सेहत के लिहाज से उतनी ही गुणकारी भी. इस खास पत्तागोभी की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण जैसे बड़े बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी इसके सलाद के शौकीन माने जाते हैं. बाजार में इसकी मांग काफी अधिक है और एक पत्तागोभी की कीमत ₹100 से ₹150 तक पहुंच जाती है. अब इस विदेशी और कीमती सब्जी की सफल खेती झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजभवन में देखने को मिल रही है, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

राजभवन के कृषि विशेषज्ञ निलेश के अनुसार, इस बैंगनी पत्तागोभी को तैयार करने में लगभग 6 महीने की कड़ी मेहनत लगती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसमें मौजूद पोषक तत्व हैं. साधारण पत्तागोभी की तुलना में इसमें विटामिन ए, बी, सी के साथ-साथ जिंक, मैग्नीशियम और ओमेगा जैसे तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं.

यही वजह है कि इसे डाइट में शामिल करने से न केवल शरीर को जरूरी ऊर्जा मिलती है, बल्कि चेहरे पर भी कुदरती चमक आती है. स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए यह किसी सुपरफूड से कम नहीं है.

अगर आप इसकी खेती करना चाहते हैं, तो एक्सपर्ट बताते हैं कि इसे ऑर्गेनिक यानी जैविक तरीके से उगाना सबसे ज्यादा फायदेमंद और मुनाफे का सौदा है. महज आधा डिसमिल जमीन में आप आसानी से 30 से 40 पत्तागोभी निकाल सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले मिट्टी तैयार करना जरूरी है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मिट्टी तैयार करने के लिए गोबर, केंचुआ खाद और गोमूत्र का एक संतुलित मिश्रण बना लें. मिट्टी का पीएच (pH) लेवल बैलेंस रखने के लिए इसमें हल्का चूना छिड़क देना चाहिए. क्यारी बनाकर बीज रोपने के बाद जब पौधे निकलने लगें, तब उनकी विशेष देखरेख की आवश्यकता होती है. इस दौरान खरपतवार और कीड़े-मकोड़ों का हमला सबसे ज्यादा होता है, इसलिए समय-समय पर सफाई करना अनिवार्य है.

पौधों को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए एक्सपर्ट एक अनोखा सुझाव देते हैं. वे बताते हैं कि हर 15 दिन में एक बार जड़ों के पास नीम के तेल का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके अलावा, मिट्टी की उर्वरक शक्ति बढ़ाने के लिए ‘अजोला’ एक बेहतरीन विकल्प है, जिसे मिट्टी का दोस्त माना जाता है. महीने में एक बार अजोला डालने से पौधों को गजब की ताकत मिलती है. हालांकि, इसकी मात्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.

अधिक मात्रा में अजोला डालने से मिट्टी गल सकती है और फसल खराब हो सकती है. इन छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सावधानियों को बरतकर आप घर के बगीचे या छोटे से खेत में इस कीमती सब्जी को उगाकर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं या इसे अपने भोजन का हिस्सा बना सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP