‘पापा का आशीर्वाद और वाहेगुरु की मेहर है’, बॉर्डर 2 सफलता पर सनी देओल हुए भावुक, फैंस को किया शुक्रिया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक रिपोर्टर ने सनी के शानदार रिटर्न को ‘सनी देओल 2.0’ कहकर सराहा. इस पर सनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘इतने साल पता नहीं कहां छुपा हुआ था. ये बहुत स्वीट है. मैं बस इतना कहना चाहता हूं – मेहनत करो, अपने पेशे से प्यार करो, हताश मत होना. समय कब आएगा और कब जाएगा, पता नहीं, लेकिन तैयार रहना चाहिए.’
‘पापा का आशीर्वाद और वाहेगुरु की मेहर है’
सनी पाजी ने फैंस के प्यार का शुक्रिया अदा किया और कहा कि जहां भी जाते हैं, उन्हें भरपूर मोहब्बत मिलती है. हले भी लोग उन्हें प्यार करते थे और आज भी करते हैं. सनी ने भावुक होकर कहा, ‘ये सब मेरे पापा का आशीर्वाद और वाहेगुरु दी मेहर है.’ उन्होंने जोर दिया कि उनकी सफलता में पिता का आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा सबसे बड़ा हाथ है. बॉर्डर 2 की इस स्ट्राइक को एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है, जिसमें सनी एक बार फिर से बड़े पर्दे पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं.
क्या है ‘बॉर्डर 2’ की कहानी?
23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने एकजुट होकर दुश्मन को मात दी थी.फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिले और बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई कर रही है. फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, सोनम बजवा, मेधा राणा और मोना सिंह भी हैं. फिल्म के निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है.
बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 दिनों में भारत में नेट कलेक्शन लगभग 361 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस 430-460 करोड़ के बीच है. यह 2026 की सबसे बड़ी हिट्स में से एक बन चुकी है. फिल्म ने सनी देओल को 300 करोड़ी क्लब में दोबारा जगह दिलाई है.