आटे-गुड़ से बनते हैं ये स्वादिष्ट गुलगुले, छोटे से लेकर बड़े तक करेंगे पसंद, यहां देखें पूरी रेसिपी
गुड़ के गुलगुले: विंध्य क्षेत्र की पारंपरिक रसोई अपने अनोखे और देसी स्वाद के लिए जानी जाती है. यहां जब भी मीठे व्यंजनों की बात होती है, तो गुलगुले का नाम सबसे ऊपर आता है. गेहूं के आटे और गुड़ से बनने वाला गुलगुला स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी लाभकारी माना जाता है. गुलगुले देखने में भले ही साधारण लगे, लेकिन इसका स्वाद बेहद खास होता है. रसोइया प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि गुलगुले बनाने की विधि बेहद आसान है. सबसे पहले गेहूं के आटे को गुड़ के पानी में अच्छे से घोला जाता है. इसके बाद इसमें स्वाद और खुशबू के लिए सौंफ और बारीक कद्दूकस किया हुआ नारियल मिलाया जाता है. तैयार घोल को कुछ देर के लिए रख दिया जाता है. फिर छोटे-छोटे आकार में इसे गर्म तेल में धीमी आंच पर तला जाता है. शुरू में गुलगुलों का रंग हल्का रहता है, लेकिन धीरे-धीरे वे सुनहरे बादामी रंग में बदल जाते हैं, जो इनके तैयार होने का संकेत होता है.
