how to cook rice in pressure cooker: कुकर में चावल पकाने से पहले भिगोना क्यों है जरूरी?
Last Updated:
Should rice be soaked in water before cooking: चावल खाना काफी लोगों को पसंद है. दरअसल, ये रोटी की तरह बनने में अधिक समय नहीं लेता है. काफी लोग तो एक-दो बार पानी में चावल धोकर ओवन या कुकर में डाल देते हैं और 10 मिनट में चावल पक कर तैयार. लेकिन, चावल को इस तरह से जल्दबाजी में बनाना भी सेहत के लिए सही नहीं है. चावल को पकाने से पहले हमेशा उसे पानी में भिगोकर कुछ मिनट के लिए छोड़ना चाहिए. आखिर, ऐसा करने से क्या लाभ है, जानिए यहां.
चावल हमारे देश का मुख्य भोजन है. हर दिन लगभग सभी घरों में चावल, दाल, रोटी, सब्जी बनती ही है. कुछ लोगों का तो बिना चावल खाए पेट और मन दोनों ही नहीं भरता है. काफी लोग समय कम होने के कारण भी रोटी की बजाय चावल बना लेते हैं. घर में अधिक मेहमान हैं तो बस चावल पानी में धोया और चढ़ा दिया प्रेशर कुकर में पकने के लिए. खानपान की आदतें और उसे पकाने का तरीका भी आज काफी बदल चुका है. आज अधिकतर घरों में फ्रिज, वॉशिंग मशीन की तरह, माइक्रोवेव और इलेक्ट्रिक राइस कुकर भी मिल जाएगा. जल्दी खाना बनाने और आसानी के लिए बहुत लोग इस राइस कुकर का इस्तेमाल करते हैं.
हालांकि, काफी विशेषज्ञ अब सवाल उठाने लगे हैं कि ये नए तरीके से खाना बनाना सेहत के लिए कितना फायदेमंद या नुकसानदायक साबित हो सकता है. खासकर चावल पकाने में कई लोग अनजाने में कुछ गलतियां कर रहे हैं, ऐसा एक शोध में कहा गया है. दरअसल, हर चीज को सही तरीके से बनाने का एक प्रॉसेस होता है, ताकि आपको उसमें मौजूद अधिक से अधिक न्यूट्रिएंट्स मिल सके.
पहले के जमाने में जब लोग चावल पकाते थे तो बड़े से भगोने में माड़ निकालकर पकाया करते थे. यहां तक कि आज भी गांवों में इसी तरह से लोग खुले में चावल बनाना पसंद करते हैं. चावल बनाने से पहले उसे धोकर पानी में कुछ देर के लिए छोड़ते हैं, लेकिन अब चावल को भिगोने की आदत लोग छोड़ चुके हैं. जिनके पास सुबह समय अधिक नहीं होता है, वो तो एक-दो बार जल्दी-जल्दी में कच्चे चावल को पानी से धोते हैं और माइक्रोवेव में पकने के लिए रख देते हैं. वहीं, जिनके पास ओवन नहीं, वे प्रेशर कुकर में पकाते हैं. बेशक, इस तरह से चावल जल्दी पक जाता है. नर्म भी रहता है, इसलिए लोगों को ये लगने लगा है कि चावल पकाने का यही बेस्ट तरीका है. हालांकि, ऐसा करके आप चावल के कुछ फायदे खो देते हैं. ऐसा कई फूड एक्सपर्ट्स कह रहते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चावल पकाने का बेस्ट तरीका- जब भी आप चावल पकाएं, चाहे कुकर में या भगोने में, तो उससे धोने के बाद पहले थोड़ी देर पानी में भिगो कर रख दें. ऐसा करने से चावल में मौजूद पोषक तत्व शरीर को आसानी से मिल जाते हैं. ये प्रक्रिया खासकर ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) को प्रभावित करता है. खाने में मौजूद कार्बोहाइड्रेट्स खून में शुगर लेवल को कितनी जल्दी बढ़ाते हैं, उसका माप GI होता है. भिगोकर चावल पकाने से GI लेवल कंट्रोल में रखने में मदद मिलती है.
चावल को थोड़ी देर भिगोने से उसमें कुछ बदलाव आते हैं. जटिल कार्बोहाइड्रेट्स आसानी से टूट जाते हैं. इससे पाचन आसान हो जाता है. शरीर जल्दी पोषक तत्वों को सोख लेता है. इसके अलावा, भिगोने से पोषक तत्वों के विरोधी फाइटिक एसिड कम हो जाता है. ये आयरन, कैल्शियम और जिंक जैसे मिनरल्स को सोखने से रोकता है, इसलिए भिगोया हुआ चावल शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है.
एक और जरूरी बात ये है कि चावल में प्राकृतिक रूप से आर्सेनिक जैसे भारी धातु थोड़ी मात्रा में होते हैं. रिसर्च के मुताबिक, अगर चावल को अच्छी तरह से धोकर, भिगोकर, पानी निकालकर और फिर नए पानी में पकाया जाए तो इन जहरीले तत्वों की मात्रा काफी कम हो सकती है. ऐसे में चावल को पकाने का तरीका चाहे जैसा हो, चावल को अच्छी तरह से धोकर और पकाने से पहले कम से कम 15 से 20 मिनट भिगोकर रखना अच्छा माना जाता है.
कुछ लोगों को चावल खाने से डर लगता है. उन्हें लगता है कि इससे वजन बढ़ सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है. किसी भी चीज को सीमित मात्रा और सही तरीके से पकाकर खाने में सेहत को कोई नुकसान नहीं होता और ना ही वजन बढ़ता है. हां, डायबिटीज में चावल खाने से परहेज करना चाहिए. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)