Solar Eclipse February 2026। सूर्य ग्रहण का राशियों पर असर
Surya Grahan 2026: साल 2026 की शुरुआत में एक ऐसी खगोलीय घटना होने जा रही है, जो ज्योतिष मानने वाले लोगों के लिए काफी अहम मानी जा रही है. 17 फरवरी 2026 को लगने वाला सूर्य ग्रहण सिर्फ एक सामान्य ग्रहण नहीं है, बल्कि एक खास ग्रह स्थिति के साथ आ रहा है. इस दिन अमावस्या भी है और सूर्य के साथ राहु कुंभ राशि में रहेंगे. यही मेल इस ग्रहण को अलग बना रहा है. माना जा रहा है कि इसका असर हर राशि पर किसी न किसी रूप में पड़ेगा. कुछ लोगों के लिए ये समय अंदर से मजबूत होने, ध्यान और आध्यात्मिक सोच बढ़ने का मौका देगा, वहीं कुछ राशियों को संभलकर चलना होगा. जल्दबाजी, गुस्सा, गलत फैसले और सेहत की अनदेखी नुकसान करा सकती है. भले ही यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन ज्योतिष के अनुसार इसका प्रभाव सीमाओं में बंधा नहीं होता. इसलिए इस समय समझदारी, धैर्य और शांत दिमाग सबसे बड़ा सहारा बन सकते हैं. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा.
कब लगेगा सूर्य ग्रहण 2026?
साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी को लगेगा. इसका समय शाम 5 बजकर 31 मिनट से 7 बजकर 57 मिनट तक रहेगा. यह ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा, इसलिए सूतक काल नहीं माना जाएगा. फिर भी ग्रहों की स्थिति के कारण इसका असर राशियों पर महसूस हो सकता है.
अमावस्या पर बन रहा खास ग्रह मेल
इस दिन अमावस्या तिथि है और चंद्रमा शतभिषा नक्षत्र में रहेगा. सूर्य और राहु पहले से ही कुंभ राशि में साथ होंगे. ज्योतिष मानने वालों के अनुसार ऐसा मेल कई दशकों बाद बन रहा है. यह स्थिति दिमागी उलझन भी दे सकती है और गहरी सोच की तरफ भी ले जा सकती है. जो लोग कला, लेखन, ध्यान या आध्यात्मिक रास्ते से जुड़े हैं, उन्हें अंदर से कुछ नया समझ आने का मौका मिल सकता है.
इन राशियों को रहना होगा ज्यादा सावधान
1. कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह ग्रहण सीधा असर डाल सकता है, क्योंकि कई ग्रह आपकी ही राशि में रहेंगे. सोच तेज होगी, नए आइडिया आएंगे, लेकिन कन्फ्यूजन भी बढ़ सकता है. इस दौरान जल्दबाजी में फैसला लेना भारी पड़ सकता है. किसी की बातों में आकर पैसे से जुड़ा कदम न उठाएं. सेहत, खासकर सिर दर्द, थकान और नींद की कमी पर ध्यान दें.
2. कर्क राशि
कर्क राशि के लोगों के लिए यह समय मानसिक तौर पर थोड़ा भारी रह सकता है. बेवजह की चिंता, पुरानी बातों को लेकर सोचते रहना और मन का डगमगाना बढ़ सकता है. पैसों का निवेश या कोई नई शुरुआत तुरंत न करें. सेहत के मामले में पेट, छाती या ब्लड प्रेशर से जुड़ी परेशानी को हल्के में न लें. थोड़ा रुककर, सोचकर आगे बढ़ना बेहतर रहेगा.
3. सिंह राशि
सिंह राशि वालों पर इसका असर रिश्तों और काम के मामलों में दिख सकता है. पार्टनरशिप, शादीशुदा जीवन या बिजनेस डील में तनाव बढ़ सकता है. गुस्से में बोला गया एक शब्द बड़ा झगड़ा खड़ा कर सकता है. कोई भी कागज साइन करने से पहले ठीक से पढ़ लें. नए काम की शुरुआत टालना ही समझदारी होगी.
क्या करें इस दौरान?
-बेवजह की बहस से बचें
-बड़े फैसले कुछ दिन टाल दें
-ध्यान, पूजा या शांत जगह पर समय बिताएं
-सेहत की अनदेखी बिल्कुल न करें
-नींद पूरी लें