4 Players to watch out for in T20 World Cup IND vs NAM: सूर्यकुमार से लेकर वरुण चक्रवर्ती तक…4 खिलाड़ी, जो पलट सकते हैं मैच का पासा
नई दिल्ली. वर्ल्ड की नंबर 1 टी20 टीम भारत टी20 वर्ल्ड कप ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ उतरेगी. मुंबई में अमेरिका को हराने के बाद भारतीय टीम ग्रुप ए पॉइंट टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए दो और अंक जुटाने का लक्ष्य रखेगी. 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान का सामना करने से पहले सूर्यकुमार यादव की टीम अनुभवहीन नामीबियाई टीम के खिलाफ 12 फरवरी को अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहेगी.
अमेरिका पर भारत की जीत में कई उतार-चढ़ाव भी आए. मौजूदा चैंपियन टीम ने बल्लेबाजी में बेहद खराब शुरुआत की और मात्र 77 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए. मेजबान टीम को संभालने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव की असाधारण पारी ही काम आई.अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 49 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली और स्कोर को 161/9 तक पहुंचाया. असमान उछाल वाले विकेट पर पर यह स्कोर यूएसए के खिलाड़ियों के लिए बहुत ज्यादा रास नहीं आई.
भारत-नामीबिया मैच में 4 खिलाड़ियों पर रहेगी नजर.
नामीबिया ने नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने अभियान की खराब शुरुआत की. और पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 156/8 का स्कोर बनाकर 7 विकेट से हार गई. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (42) और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज़ (1/27) ही टीम के लिए सकारात्मक प्रदर्शन करने वाले दो खिलाड़ी रहे.
भारत बनाम नामीबिया: टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में रिकॉर्ड
भारत ने नामीबिया के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ एक बार खेला है और 8 नवंबर, 2021 को दुबई में खेले गए 2021 टी20 विश्व कप के मैच में 9 विकेट से जीत हासिल की थी.
भारत बनाम नामीबिया: इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
सूर्यकुमार यादव: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरुआत से ही सूर्यकुमार यादव शानदार लय में हैं. उन्होंने तब कहा था, ‘मैं फॉर्म से बाहर नहीं हूं, बस रन नहीं बना पा रहा हूं.’ कप्तान एक बार फिर अपनी टीम का नेतृत्व करने के लिए उत्सुक होंगे.
वरुण चक्रवर्ती: विरोधी टीम के खिलाड़ियों के लिए मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी अक्सर एक बड़ी चुनौती होती है, इसलिए वरुण चक्रवर्ती से नामीबिया को भारी परेशानी में डालने की उम्मीद की जा सकती है. उन्होंने अमेरिका के खिलाफ जीत में एक विकेट का योगदान दिया था.
बर्नार्ड स्कोल्ट्ज: 10 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ नामीबिया की ओर से गेंदबाज़ी में वे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे. बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 1 विकेट लेकर 27 रन दिए.
जान निकोल लॉफ्टी-ईटन: उन्होंने दिल्ली की धीमी पिच पर नीदरलैंड्स के खिलाफ 42 रनों की शानदार पारी खेली. ईटन की नजरें भारत के खिलाफ एक और दमदार प्रदर्शन पर होंगी.
किस टीम का पलड़ा भारी है?
भारत का. मौजूदा चैंपियन और टूर्नामेंट के सह-मेजबान भारत खेल के दोनों ही डिपार्टमेंट में अपनी कहीं अधिक गहराई और अनुभव के कारण नामीबिया को हराने के प्रबल दावेदार है.