‘धुरंधर’ का ‘शरारत’ गाने वाली जैस्मीन सैंडलस के कॉन्सर्ट में छेड़खानी, सिंगर ने गाने से किया मना, वीडियो वायरल
Last Updated:
रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ का ‘शरारत’ सॉन्ग गाने वाली सिंगर जैस्मीन सैंडलस के लाइव कॉन्सर्ट में कुछ लडकों ने लड़कियों को परेशान किया, तो उन्होंने शो को बीच में ही रोक दिया. इतना ही नहीं अपने सिक्योरिटी गार्ड्स से उन लड़कों को इवेंट से बाहर करने के लिए भी कहा. जैस्मीन की यह बात सुन इवेंट मौजूद लड़कियां खुश हुईं और उन्हें चीयर करने लगीं.

जैस्मीन सैंडलस ने लाइव कॉन्सर्ट को बीच में रोका. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @jasminesandlas)
मुंबई. बॉलीवुड की पॉपुलर सिंगर जैसमिन सैंडलस के लाइव कॉन्सर्ट में कुछ लड़कों ने लड़कियों संग बदतमीजी की. यह देख सिंगर ने पहले उन लड़कों को रोका और फिर नहीं गाने की धमकी भी दी. उन्होंने दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट के बीच में ही शो रोक दिया. उन्होंने अपने सिक्योरिटी गार्ड्स को निर्देश दिया कि वे लड़कियों को परेशान करने वाले लड़कों इवेंट्स से बाहर निकाल दें. यह घटना दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुई, जहां जैसमिन अपने टूर के तहत परफॉर्म कर रही थीं.
जैस्मीन सैंडलस का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं, “सिक्योरिटी, क्या आप इन दो लड़कों को बाहर निकाल सकते हैं?…कुड़ियां न तंग कर दे ने (ये लड़कियों को परेशान कर रहे हैं). आपा गवांगे ही नहीं जब तक कुड़ियां सेफ न फील करती (मैं तब तक परफॉर्म नहीं करूंगी जब तक लड़कियां सुरक्षित महसूस नहीं करतीं)…”
जैस्मीन सैंडलस की यह बात सुन ऑडियंस में शामिल लड़कियां खुशी से चीयर करने लगीं. जैस्मीन बीते कुछ महीनों से चर्चा में भी हैं. उन्होंने आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ का सुपरहिट सॉन्ग ‘शरारत’ मधुबंती बागची के साथ मिलकर गाया है, जोकि क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान पर फिल्माया गया है. यह गाना फिल्म की तरह ही ब्लॉकबस्टर रहा है.