यूपी वालों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है. ठंड और कोहरे की मार झेल रहे लोगों को अब इससे राहत मिल गई है. भारतीय मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मौसम वैज्ञानिकों का ऐसा अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में यूपी के दोनों ही संभाग में मौसम सामान्य रहेगा. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में देखने को मिलेगी.
राजधानी
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार (11 फरवरी) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के सभी जिलों में आसमान साफ होगा. यहां धूप भी खिली रहेगी. फिलहाल मौसम विभाग ने दोनों संभाग के लिए कोई चेतावानी नहीं जारी की है.12 और 13 फरवरी को भी प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं.
बुधवार को वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, चंदौली, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, आगरा, जौनपुर, गाजीपुर, मथुरा, अयोध्या, अमेठी, इटावा, गोरखपुर, बरेली, गाजियाबाद, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, मऊ, बलिया, देवरिया, बस्ती, अंबेडकर नगर, बाराबंकी,
बिजनौर और मैनपुरी में आसमान साफ होगा. यहां सुबह से धूप भी खिली रहेगी. इन जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बांदा जिले में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं बरेली में जीरो विजबिल्टी वाला कोहरा भी छाया रहा.
राजधानी लखनऊ में बुधवार को मौसम सामान्य होगा.सुबह और शाम के वक्त यहां सिरहन होगी लेकिन दोपहर में यहां धूप खिली रहेगी.अनुमान है आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस होगा.आने वाले दिनों में यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिलहाल बहुत खास बदलाव के आसार नहीं है.वहीं बात
दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो वहां सुबह के समय छिछला कोहरा नजर आएगा.हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां आसमान साफ रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान,आज यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस होगा.
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में फिलहाल कोई मौसम प्रणाली या पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के दोनों ही संभाग में मौसम शुष्क रहने वाला है.