नसीरुद्दीन शाह के साथ सनी देओल की वो इकलौती फिल्म, मूवी तो बनी, मगर खूब रोयी थी गोविंदा की फैमिली – imtihan ajay qahar zor salaakhen arjun pandit Sunny Deol 8 Underrated action Movies failed in Box office ruled in Hearts fascinating story
Last Updated:
Sunny Deol Underrated Movies : कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिन्हें आप यूट्यूब-टीवी पर जब देखते हैं तो बहुत अच्छी लगती हैं. जब आपको पता चलता है कि जो फिल्म आपने देखी है, वो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी. आपको भी हैरानी होती है. एक्शन हीरो सनी देओल की ऐसी ही 8 फिल्में सिनेमाघरों में फ्लॉप रही थीं. दिलचस्प बात यह है कि ये फिल्में अंडररेटेड मानी गईं. इन फिल्मों की कहानी, एक्शन, इमोशन सबकुछ शानदार था. ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर तो फ्लॉप रहीं लेकिन दर्शकों के दिल में राज कर रही हैं. आज हम सनी देओल की ऐसी ही 8 अंडररेटेड फिल्मों की चर्चा करेंगे.
एक्शन हीरो सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाए हुए है. फिल्म 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है. वैसे तो फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी हैं लेकिन पूरी मूवी सनी देओल के कंधे पर है. इससे पहले 1997 में आई सनी देओल की बॉर्डर फिल्म भी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही थी. सनी देओल ने अपने करियर में कई शानदार फिल्में दी हैं. उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर तो कमाल नहीं दिखा सकीं लेकिन यूट्यूब-टीवी पर खूब पसंद की गईं. ये फिल्में अंडररेटेड ही मानी जाती हैं. ये फिल्में हैं : इम्तिहान, हिम्मत, अजय, कहर, जोर, सलाखें, अर्जुन पंडित और फर्ज.
सबसे पहले बात करते हैं इम्तिहान की. यह फिल्म 11 मार्च 1994 को रिलीज हुई थी. यह एक एक्शन-रोमांस फिल्म थी जिसे हैरी बावेजा ने डायरेक्ट किया था. वही हैरी बावेजा जिनकी फरवरी 1994 में ही दिलवाले फिल्म आई थी. फिल्म में सनी देओल, सैफ अली खान, रवीना टंडन लीड रोल में थीं. फिल्म का म्यूजिक अनु मलिक ने कंपोज किया था. गीतकार फैज अनवर थे. म्यूजिक सुपरहिट रहा था. फिल्म के पॉप्युलर गानों में ‘इस तरह आशिकी का असर छोड़ जाऊंगा’, ‘दो बातें हो सकती हैं सनम तेरे इनकार की’ शामिल थे. ये गाने आज भी हमें पार्टी-फंक्शन में सुनाई देते हैं. फिल्म की कहानी 1967 की बीआर चोपड़ा की फिल्म ‘हमराज’ से इंस्पायर्ड थी. प्रोड्यूसर राजू मवानी थे. फिल्म का म्यूजिक तो सुपरहिट रहा था लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी. 1.9 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म केवल 5.86 करोड़ का कलेक्शन कर पाई थी. बाद में टीवी-यूट्यूब पर यह फिल्म खूब देखी गई.
सनी देओल की एक फिल्म ‘हिम्मत’ सिनेमाघरों में 5 जनवरी 1995 को आई थी. यह एक एक्शन फिल्म थी जिसका डायरेक्शन सुनील शर्मा ने किया था. फिल्म में सनी देओल, तब्बू और नसीरुद्दीन शाह के अलावा शिल्पा शेट्टी थे. सुदेश बेरी, मुकेश खन्ना, मोहन जोशी, गुलशन ग्रोवर और किरण कुमार जैसे सितारे भी सपोर्टिंग रोल में थे. फिल्म 19 मार्च 1996 को फिर से रिलीज की गई थी. स्टोरी चरणदास शोख ने लिखी थी. स्क्रीनप्ले सुनील शर्मा, डायलॉग दिलीप शुक्ला ने लिखे थे. म्यूजिक आनंद मिलिंद का था. गीतकार समीर थे. फिल्म का एक गाना ‘साथिया बिन तेरे दिल माने ना’ बहुत पॉप्युलर हुआ था. इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह निगेटिव रोल में थे. फिल्म की कहानी बहुत ही शानदार थी. 4.75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 8.22 करोड़ का कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप रही थी लेकिन आज इस मूवी को अंडररेटेड माना जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
1996 में सनी देओल की एक फिल्म ‘अजय’ रिलीज हुई थी. डायरेक्टर-प्रोड्यूसर सुनील दर्शन थे. सनी देओल-करिश्मा कपूर की जोड़ी लीड रोल में थी. म्यूजिक आनंद-मिलिंद का था. गीतकार समीर थे. यह एक रोमांटिक एक्शन फिल्म थी. फिल्म का एक गाना ‘छम्मक छल्लो, जरा धीरे चल्लो’ बहुत हिट हुआ था. 6.4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 16.81 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. यह एक सेमी हिट फिल्म साबित हुई थी. छोटे शहरों में सिंगल थिएटर पर इस फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा था.
साल 1997 में सनी देओल की बॉर्डर फिल्म ने तहलका मचा दिया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 5 दिसंबर 1997 को सनी देओल-सुनील शेट्टी, सोनाली बेंद्रे और अरमान कोहली की एक फिल्म ‘कहर’ रिलीज हुई थी. इस फिल्म का निर्देशन अरमान कोहली के पिता राजकुमार कोहली ने किया था जिन्होंने नागिन-जानी दुश्मन जैसी फिल्में बनाई हैं. राजकुमार कोहली ही फिल्म के प्रोड्यूसर थे. म्यूजिक आनंद-मिलिंद का था. गीतकार आनंद बख्शी थे. फिल्म का म्यूजिक हिट रहा था. फिल्म के दो गाने ‘दिल जंगली कबूतर’ और ‘मुझे बिच्छू लड़ गया रे’ खूब पॉप्युलर हुए थे. 4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 10.72 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक औसत फिल्म साबित हुई थी. यह पूरी तरह से मसाला फिल्म थी.
1998 में सनी देओल की दो फिल्में ऐसी भी आईं जो बॉक्स ऑफिस पर बहुत ज्यादा धमाल तो नहीं मचा सकीं लेकिन लोगों के दिल में जगह बनाने में कामयाब रहीं. ये फिल्में थीं : सलाखें और जोर. जोर फिल्म 13 फरवरी 1998 में रिलीज हुई थी. यह एक एक्शन फिल्म थी जिसका डायरेक्शन संगीत सिवान ने किया था. विवेक कुमार प्रोड्यूसर थे. फिल्म में सनी देओल, सुष्मिता सेन, ओम पुरी, अनुपम खेर, मोहन अगासे, मिलिंद गुणाजी जैसे सितारे थे. 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने ₹18.59 करोड़ का कारोबार किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी.
गुड्डू धनोआ के निर्देशन में बनी सनी देओल की एक फिल्म ‘सलाखें’ 24 अप्रैल 1998 को रिलीज हुई थी. यह भी एक एक्शन फिल्म थी. गुड्डू धनोआ सुपर स्टार धर्मेंद्र के सगे मामा के लड़के थे. यह प्रसन्नजीत चटर्जी की बंगाली फिल्म विद्रोह (1997) का रीमेक थी. फिल्म में सनी देओल, रवीना टंडन लीड रोल में थे. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त ओपनिंग मिली थी. फिल्म में अनुपम खेर, फरीदा जलाल और अमरीश पुरी अहम भूमिकाओं में थे. म्यूजिक दिलीप सेन-समीर सेन का था जो कि रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं. फिल्म का एक गाना ‘पंजाबी कुड़ी मारे झटके’ पॉप्युलर हुआ था. ₹9 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 18 करोड़ का कलेक्शन किया था और बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी. हालांकि टीवी और यूट्यूब पर इस फिल्म को लेकर अलग लेवल की दीवानगी देखने को मिली.
1999 में सनी देओल और जूही चावला की एक फिल्म ‘अर्जुन पंडित’ आई थी. यह एक गैंगस्टर फिल्म थी जिसका निर्देशन राहुल रवैल ने किया था. प्रोड्यूसर एनआर पच्चीसिया थे. यह 1995 की एक कन्नड़ फिल्म का रीमेक थी. फिल्म में म्यूजिक दिलीप सेन-समीर सेन का था. फिल्म का एक गाना ‘ओय होय के कुड़ियां शहर दीयां’ दलेर मेहंदी और जूही चावला पर फिल्माया गया था. यह गाना जबर्दस्त हिट हुआ. ₹9.5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने ₹20 करोड़ का कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर तो यह फिल्म एवरेज रही लेकिन मूवी को खूब पसंद किया गया.
2001 की शुरुआत में सनी देओल की एक फिल्म ‘फर्ज’ आई थी जो कि 12 जनवरी को रिलीज हुई थी. फिल्म का डायरेक्शन राज कुमार ने किया था. प्रोड्यूसर सुनील सैनी थे. म्यूजिक उत्तम सिंह का था. गीतकार समीर थे. स्क्रीनप्ले-डायलॉग राज कुमार ने लिखे थे. फिल्म में सुनील शेट्टी, प्रीति जिंटा, जैकी श्रॉफ और ओमपुरी लीड रोल में थे. इस फिल्म में जैकी श्रॉफ निगेटिव रोल में थे. फिल्म में वो कई जगह पर सनी देओल पर भी भारी पड़े. 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 19.92 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक औसत फिल्म साबित हुई थी. सनी देओल की यह फिल्म भी अंडररेटेड फिल्म में शुमार है. बाद में जून 2001 में सनी देओल ने अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गदर : एक प्रेम कथा’ से सिनेमाघरों में जबर्दस्त गदर मचाई. फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही.