Ind vs Pak Match News | Asim Munir- Mohsin Naqvi | IND vs Pak मैच विवाद में क्यों आया आसिम मुनीर का नाम, ट्रॉफी चोर नकवी की चापलूसी देखिए
भारत-पाकिस्तान मैच का ड्रामा खत्म होने से ठीक कुछ घंटे पहले मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का नाम लिया और कहा कि हम किसी की धमकी से नहीं डरते. न भारत की, न आईसीसी की. और आसिम मुनीर तो कभी डरते ही नहीं. यह बात तब कही गई जब पाकिस्तान सरकार अभी भी मैच बहिष्कार की धमकी दे रही थी. लेकिन कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान ने यू-टर्न ले लिया और टीम को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ खेलने की इजाजत दे दी.
‘धमकी से नहीं डरते’
ट्रॉफी चोर मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘न तो मुझे भारत और आईसीसी की धमकियों से डर लगता है, न पाकिस्तान सरकार को. और फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर के बारे में तो आप जानते ही हैं, वो कभी डरते नहीं.’ सूत्रों का कहना है कि मोहसिन नकवी ने जानबूझकर आर्मी चीफ आसिम मुनीर का नाम लिया ताकि क्रिकेट का मामला सेना और सरकार के बीच का संदेश बन जाए. वैसे भी मोहसिन नकवी खुद पाकिस्तान के इंटीरियर यानी गृह मंत्री भी हैं. इसलिए उनका यह बयान आसिम मुनीर की चापलूसी वाला ही है.
आसिम मुनीर का नाम क्यों आया?
पाकिस्तान के मोहसिन नकवी ने आसिम मुनीर का नाम यूं ही नहीं लिया. वह ऑपरेशन सिंदूर वाले दर्द को छिपाने कोशिश करते दिखे. मई 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर हमला किया. चार दिन तक दोनों तरफ तनाव रहा. भारत ने पाकिस्तान को बहुत जख्म दिए. मगर पाकिस्तान ने इसे अपनी जीत बताते हुए जनरल आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल का सबसे बड़ा रैंक दे दिया. यह रैंक 1959 के बाद किसी को नहीं मिला था. पाकिस्तान सरकार ने कहा कि मुनीर की बहादुरी की वजह से देश सुरक्षित रहा.
नकवी की चापलूसी
अब मोहसिन नकवी ने उसी मुनीर का नाम लेकर दिखाना चाहा कि पाकिस्तान मजबूत है और किसी दबाव में नहीं आएगा. लेकिन कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान झुक गया. उसने भारत के साथ मैच खेलने का फैसला कर लिया. मोहसिन नकवी सेना के सबसे बड़े अफसर का नाम लेकर अपनी ताकत दिखा रहे हैं। कई लोग इसे सेना की चापलूसी बता रहे हैं.
पाकिस्तान का यू-टर्न क्यों?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पहले बांग्लादेश के साथ खड़े होने के नाम पर मैच न खेलने की बात कही थी. अब जब आईसीसी ने उसको रगड़ा तो उसे अपनी औकात समझ आ गई. आईसीसी ने बांग्लादेश पर कोई पेनाल्टी नहीं लगाई, मगर उसे अपने पाले में करके पाकिस्तान को क्लीन बोल्ड कर दिया. आईसीसी के कहने पर ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन ने खुद कहा कि भारत के साथ मैच खेल लो. इससे क्रिकेट का फायदा होगा. वहीं, श्रीलंका के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन किया. यूएई ने भी कहा कि मैच कैंसल होने से सबको नुकसान होगा.