UAE Muhammad Zohaib sent home: मुहम्मद जोहेब को अनुशासनात्मक कारणों से चेन्नई से घर भेजा गया
Last Updated:
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में उतरने से पहले संयुक्त अरब अमीरात की टीम विवादों में घिर गई है. टीम के स्टार ओपनर मुहम्मद जोहेब को अनुशासनात्मक कारणों से चेन्नई से घर भेज दिया गया है. क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इसकी जानकारी साझा की गई है लेकिन मामला क्या है ये नहीं बताया गया.

टी20 वर्ल्ड कप में खिलाड़ी पर हुआ एक्शन, वापस देश लौटने का फरमान
नई दिल्ली. संयुक्त अरब अमीरात के स्टार ओपनर मुहम्मद जोहेब को अनुशासनात्मक कारणों से चेन्नई से घर भेज दिया गया है. अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को यह जानकारी दी. टीम का न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला एक दिन बाद होना है. सोमवार को जारी एक बयान में अमीरात क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि ‘आगे की जानकारी समय आने पर साझा की जाएगी’.
मंगलवार को यूएई की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चेन्नई में अपना पहला वर्ल्ड कप मैच खेलेगी. टीम के एक अहम टॉप ऑर्डर बल्लेबाज की गैरमौजूदगी से दबाव बढ़ गया है. खासकर तब जब टीम अपने पिछले वॉर्म-अप मैच में इटली के खिलाफ सिर्फ 81 रन पर ऑलआउट हो गई थी. जोहेब ने उस मैच में नंबर 9 पर बल्लेबाजी की थी, जबकि इससे पहले नेपाल के खिलाफ पिछले वॉर्म-अप में उन्होंने नंबर 3 पर 26 गेंद में 19 रन बनाए थे. अब टीम ने 21 साल के आर्यंश शर्मा को कप्तान मुहम्मद वसीम के साथ ओपनिंग के लिए चुना है.
जोहेब ने मई 2025 में यूएई के लिए डेब्यू किया था और तब से 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 20.2 की औसत और 103.76 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले वसीम ने यूएई की तैयारी और टीम की एकता पर बात की. उन्होंने बताया कि टीम में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के क्रिकेटर भी शामिल हैं. वसीम ने यह भी कहा कि खिलाड़ी 2023 में दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली यूएई की टी20 जीत से आत्मविश्वास लेंगे.
उन्होंने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमारी रणनीति बहुत साधारण है. हमने उन्हें पहले यूएई में हराया था, लेकिन इस बार जगह अलग है, टूर्नामेंट अलग है, मैदान अलग है और मैच भी अलग है. इसलिए हमने अभी एक नया प्लान बनाया है. यहां कोई इंडिया-पाकिस्तान नहीं है. हम यूएई के लिए खेल रहे हैं और हमेशा खुद को एक परिवार की तरह मानते हैं. हम परिवार की तरह रहते हैं, दोस्त हैं, साथ समय बिताते हैं, साथ खाते हैं.”
कीवी टीम यूएई को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी, क्योंकि अमेरिका, नेपाल और नीदरलैंड जैसी एसोसिएट टीमों ने भी अपने मजबूत विरोधियों को कड़ी टक्कर दी है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें