बल्ब, टीवी या कूलर…. अब महिलाएं भी कर सकती हैं पूरी मरम्मत, जानिए झांसी की अर्चना की कहानी
Last Updated:
झांसी की अर्चना माहौर ने पारंपरिक सोच को चुनौती देते हुए यह साबित कर दिया कि बिजली से जुड़े काम सिर्फ पुरुषों के लिए नहीं हैं. घर से शुरू हुई छोटी सी मेहनत आज उन्हें एक बड़ी इलेक्ट्रिशियन दुकान और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना चुकी है.
झांसी. आमतौर पर इलेक्ट्रिशियन का काम पुरुष प्रधान माना जाता है. लोग सोचते हैं कि बिजली से जुड़े काम सिर्फ पुरुष ही कर सकते हैं. घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे एलईडी बल्ब, क्वाइल, टीवी या कूलर जब खराब हो जाते हैं, तो आमतौर पर पुरुष इलेक्ट्रिशियन को ही बुलाया जाता है.
लेकिन, झांसी की अर्चना माहौर ने इस सोच को बदल दिया है. बुंदेलखंड की इस महिला ने पुरुष प्रधान माने जाने वाले काम को सीखकर अपनी अलग पहचान बनाई और महिलाओं के लिए किसी भी काम को सीखने की प्रेरणा जगाई.
घर से शुरू हुई यात्रा
अर्चना माहौर ने इलेक्ट्रिशियन का काम अपने घर से ही शुरू किया. शुरुआत में उनके पास ज्यादा पैसा नहीं था. उन्होंने थोड़ी पूंजी लगाकर छोटे उपकरणों की मरम्मत करना शुरू किया. धीरे-धीरे लोगों का भरोसा बढ़ा और काम में विस्तार हुआ. आज वही छोटा काम मुख्य सड़क पर एक बड़ी दुकान बन चुका है. अर्चना पूरे दिन ग्राहकों के खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठीक करती हैं और उन्हें सही दाम पर अच्छी सेवा देती हैं.
सीखने की कहानी
लोकल 18 से बातचीत में अर्चना ने बताया कि उन्होंने यह काम अपने पति के साथ रहकर सीखा. उनके पति पहले से इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे. पति के काम में हाथ बटाने के लिए उन्होंने यह पेशा अपनाया. लगातार छह महीने की मेहनत के बाद उन्हें पूरा काम समझ में आ गया.
आत्मनिर्भरता और नए सपने
आज अर्चना माहौर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं. उनका लक्ष्य अब सिर्फ मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि इलेक्ट्रिक उपकरण बनाना और बाजार में कम कीमत में उपलब्ध कराना भी है. वे नए कूलर बनाकर लोगों तक अच्छी चीज़ कम दाम में पहुंचाना चाहती हैं. अर्चना माहौर आज कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और साबित कर चुकी हैं कि मेहनत और लगन से कोई भी काम महिलाएं कर सकती हैं.
About the Author
पिछले 4 साल से मीडिया इंडस्ट्री में काम कर रही हूं और फिलहाल News18 में कार्यरत हूं. इससे पहले एक MNC में भी काम कर चुकी हूं. यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की बीट कवर करती हूं. खबरों के साथ-साथ मुझे…और पढ़ें