Pav Bhaji Paratha Recipe। पाव भाजी पराठा रेसिपी

Share to your loved once


Pav Bhaji Paratha Recipe : सुबह का नाश्ता दिन की शुरुआत तय करता है. अगर नाश्ता स्वाद से भरा हो और पेट भी देर तक भरा रखे, तो दिन अपने आप बेहतर हो जाता है. अक्सर लोग ब्रेकफास्ट में वही पुराने ऑप्शन चुनते हैं जैसे आलू पराठा, पनीर पराठा या फिर ब्रेड और बटर. लेकिन अगर आप रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, मजेदार और देसी ट्विस्ट वाला ट्राई करना चाहते हैं, तो पाव भाजी पराठा आपके लिए एकदम सही विकल्प है. पाव भाजी वैसे ही हर उम्र के लोगों की पसंदीदा डिश है. बच्चे हों या बड़े, इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है. अब सोचिए, वही पाव भाजी का फ्लेवर अगर पराठे में भर जाए, तो स्वाद कितना कमाल का होगा. इस पराठे की सबसे खास बात ये है कि इसमें पाव की जगह गेहूं का पराठा इस्तेमाल होता है, जिससे ये हेल्दी भी बन जाता है. नाश्ते में ब्रेड की जगह पराठा खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है, खासकर जब आप घर पर बना ताजा खाना पसंद करते हैं.

पाव भाजी पराठा बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सब्जियां आसानी से घर में मिल जाती हैं. गाजर, शिमला मिर्च, फूल गोभी, बीन्स और आलू जैसी सब्जियों से बनी स्टफिंग पराठे के अंदर भर दी जाती है. जब ये पराठा तवे पर सेंकता है और ऊपर से थोड़ा सा बटर लगाया जाता है, तब इसकी खुशबू ही भूख बढ़ा देती है. बच्चों को सब्जियां खिलाने का ये भी एक शानदार तरीका है, क्योंकि उन्हें पता भी नहीं चलता और वे मजे से सब्जियों से भरा पराठा खा लेते हैं.

अगर घर पर मेहमान आने वाले हों और आप कुछ हटकर बनाना चाहते हैं, तब भी पाव भाजी पराठा एक बढ़िया ऑप्शन है. इसे आप दही, मक्खन या हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. चाहें तो साथ में थोड़ा प्याज और नींबू भी रख सकते हैं, जिससे स्वाद और बढ़ जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पाव भाजी पराठा बनाने की आसान रेसिपी
सबसे पहले पराठे की स्टफिंग तैयार करें. इसके लिए गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, लहसुन, फूल गोभी और बीन्स जैसी सब्जियां लें. इन सबको ग्राइंडर में डालकर बारीक काट लें. अब 1 या 2 आलू उबालकर अलग रख दें.

अब एक पैन में बटर डालें. बटर पिघलने के बाद सारी कटी हुई सब्जियां डाल दें. इसमें स्वाद के अनुसार नमक और पाव भाजी मसाला मिलाएं. चाहें तो थोड़ा लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं. अब उबले हुए आलू को अच्छे से मैश करके सब्जियों में मिला दें. इस मिश्रण को करीब 5 मिनट तक पकाएं. आखिर में नींबू का रस और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.

अब गेहूं के आटे को नरम गूंथ लें. एक मध्यम आकार की लोई लें और उसमें 2 से 3 चम्मच तैयार स्टफिंग भर दें. हल्के हाथों से पराठा बेलें और गरम तवे पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें. ऊपर से बटर लगाकर गरमागरम परोसें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP