Bread Buttermilk Recipe। स्टीम्ड ब्रेड रेसिपी
Bread Buttermilk Recipe: सुबह या शाम की चाय के साथ अक्सर यही सवाल होता है कि ऐसा क्या बनाया जाए जो जल्दी बन जाए, पेट भी भर दे और बहुत ज्यादा ऑयली भी न हो. ऐसे में घर में रखी साधारण ब्रेड अगर एक नए अंदाज में इस्तेमाल हो जाए, तो वही साधारण चीज खास बन सकती है. राजस्थान की एक घरेलू किचन टिप इन दिनों काफी पसंद की जा रही है, जिसमें ब्रेड को छाछ के साथ मिलाकर एक सॉफ्ट, हल्का और भाप में पकने वाला नाश्ता तैयार किया जाता है. इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें तलने का झंझट कम है, तेल बहुत कम लगता है और स्वाद ऐसा आता है कि बच्चे से लेकर बड़े तक खुशी से खा लेते हैं.
ब्रेड छाछ को सोखकर इतनी मुलायम हो जाती है कि तैयार डिश का टेक्सचर इडली जैसा सॉफ्ट लगता है, लेकिन स्वाद में हल्का मसालेदार ट्विस्ट मिलता है, अगर आप भी रोज वही पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह तरीका जरूर ट्राय कर सकते हैं.
ब्रेड में छाछ मिलाने से क्या फर्क पड़ता है?
जब ब्रेड को छाछ में भिगोया जाता है, तो वह पूरी तरह नरम हो जाती है. छाछ की हल्की खटास ब्रेड के स्वाद को फीका नहीं रहने देती. साथ ही छाछ पेट के लिए हल्की मानी जाती है, जिससे नाश्ता भारी नहीं लगता. ब्रेड सूखी होने की वजह से छाछ को जल्दी सोख लेती है और मिक्स होने के बाद एक स्मूद बेस तैयार करती है, जिससे बिना ज्यादा तेल के सॉफ्ट नाश्ता बन पाता है.
छाछ कैसे तैयार करें
एक कटोरी में आधा कप ताजा दही लें. उसे अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें गांठ न रहे. अब उसमें करीब आधा कप पानी मिलाएं और फिर से चलाएं. बस आपकी छाछ तैयार, अगर दही नहीं है, तो पानी में थोड़ा नींबू रस डालकर भी हल्की खटास लाई जा सकती है. बाजार वाली छाछ भी चल जाएगी.
ब्रेड को छाछ में भिगोना
4-5 ब्रेड स्लाइस लें और छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. अब तैयार छाछ इसमें डालें और 5-7 मिनट के लिए छोड़ दें. ब्रेड पूरी तरह छाछ सोख लेगी और एकदम नरम हो जाएगी.
बैटर तैयार करने का तरीका
भीगी हुई ब्रेड को मिक्सर में डालें. इसमें एक कप बारीक सूजी और स्वाद के हिसाब से नमक डालें. हल्का सा पीस लें. इसे एक बर्तन में निकालें. अब इसमें बारीक कटी गाजर, थोड़ा कटा पालक या शिमला मिर्च डाल सकते हैं. ऐसी सब्जी न डालें जो ज्यादा पानी छोड़े.
अब एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें. धीरे-धीरे थोड़ा चावल का आटा मिलाएं और हाथ से गूंधकर सॉफ्ट आटा जैसा मिक्स तैयार करें. हाथ में हल्का तेल लगाकर इसे एक बार मसल लें.
स्टीम करने का तरीका
एक पतीले में पानी गर्म करें. मिक्स से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर हल्का दबा दें. पानी गर्म हो जाए तो ऊपर जाली या छलनी रखें और इन बॉल्स को रखकर ढक दें. करीब 10-12 मिनट में ये भाप से पक जाएंगी.
तड़का लगाकर स्वाद बढ़ाएं
एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें राई, सफेद तिल, कड़ी पत्ता, हरी मिर्च और चुटकी हींग डालें. हल्का भूनें. चाहें तो थोड़ा सांभर मसाला भी डाल सकते हैं. अब स्टीम की हुई बॉल्स इसमें डालकर हल्का चलाएं ताकि मसाला कोट हो जाए.
साथ में चटनी
मिक्सर में भुनी चना दाल, मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, इमली या नींबू रस, नमक और थोड़ा पानी डालकर पीस लें. ऊपर से राई और कड़ी पत्ता का तड़का लगा दें.