तेलंगाना में ‘दूसरा पाकिस्तान’ बनाने की साजिश? फडणवीस का कांग्रेस पर विस्फोटक हमला, रेवंत रेड्डी को चेतावनी
Last Updated:
Telangana News: सिरपुर कागजनगर में देवेंद्र फडणवीस ने रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पर तुष्टीकरण व विभाजन की राजनीति का आरोप लगाया. उन्होंने एससी-एसटी आरक्षण मुद्दा उठाया और महाराष्ट्र की जीत का जिक्र किया. फडणवीस ने कहा कि तेलंगाना सरकार सिर्फ बांटने की राजनीति कर रही है.

देवेंद्र फडणवीस ने तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पर निशाना साधा. (फाइल फोटो)
हैदराबाद. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तेलंगाना की धरती से कांग्रेस सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. शनिवार को सिरपुर कागजनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस पर ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ (Appeasement Politics) के जरिए देश को फिर से बांटने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस उसी ‘खतरनाक खेल’ को दोहरा रही है, जिसके कारण कभी भारत का विभाजन हुआ था और पाकिस्तान व बांग्लादेश बने थे.
‘इतिहास दोहरा रही कांग्रेस, हो सकता है विभाजन’
11 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनावों के लिए प्रचार करने पहुंचे फडणवीस ने इतिहास के पन्ने पलटते हुए कांग्रेस को घेरा. फडणवीस ने कहा, “रेवंत रेड्डी ने एक खतरनाक खेल शुरू किया है. आजादी से पहले कांग्रेस के कुछ नेताओं ने यही खेल खेला था, जिसका नतीजा देश का बंटवारा था. आज की कांग्रेस भी उसी राह पर है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम रेवंत रेड्डी को लगता है कि सिर्फ एक विशेष समुदाय को खुश करके वे सत्ता में बने रहेंगे, लेकिन यह सोच देश के लिए घातक है.
‘दलितों-आदिवासियों का हक छीन रही सरकार’
फडणवीस ने आरक्षण के मुद्दे पर भी तेलंगाना सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) का आरक्षण छीनकर धार्मिक आधार पर ‘दशरे धर्म’ (मुस्लिमों) के लोगों को दे रही है. फडणवीस ने साफ कहा, “कांग्रेस समाज में विभाजन के बीज बो रही है और वोट बैंक के लिए संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है.”
महाराष्ट्र की जीत की हवा तेलंगाना तक
देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि हाल ही में महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी को जो प्रचंड जीत मिली है, उसकी हवा अब तेलंगाना तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना किसी भेदभाव के कस्बों और शहरों के विकास के लिए फंड भेज रहे हैं, जबकि राज्य सरकार सिर्फ बांटने की राजनीति कर रही है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें