किसी के घर के बाहर चलीं गोलियां, तो किसी की हुई हत्या, रोहित शेट्टी से पहले इन 7 सितारों पर हो चुका है हमला
Last Updated:
बॉलीवुड की चकाचौंध के पीछे एक ऐसा स्याह सच भी छिपा है, जो अक्सर गोलियों की गूंज के साथ सामने आता है. शनिवार रात रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग ने एक बार फिर पूरी इंडस्ट्री को दहशत में डाल दिया है. लेकिन बी-टाउन के लिए यह खौफ नया नहीं है. अंडरवर्ल्ड की धमकियों से लेकर आपसी रंजिश तक, फिल्म जगत के कई दिग्गज बदमाशों के निशाने पर रहे हैं. जहां गुलशन कुमार और सिद्धू मूसेवाला जैसे सितारों ने इन हमलों में अपनी जान गंवा दी, वहीं राकेश रोशन मौत को करीब से मात देकर लौटे हैं. रोहित शेट्टी पर हुआ यह हमला उन सात बड़ी वारदातों की याद दिलाता है, जिन्होंने समय-समय पर सेलिब्रिटी सुरक्षा के दावों की पोल खोली है.

नई दिल्ली. शनिवार की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की खबर सामने आई. जानकारी के मुताबिक, कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनके बंगले के बाहर चार राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए. गनीमत रही कि इस अचानक हुए हमले में कोई जख्मी नहीं हुआ. वारदात की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस एक्शन में आ गई और मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. हालांकि, ये कोई नई घटना नहीं है. इससे पहले भी कई सितारों पर हमले हो चुके हैं.

12 सितंबर 2025 को दिशा पाटनी और उनकी बहन खुशबू पाटनी के घर के बाहर हुई फायरिंग की खबर ने सबको चौंका दिया था. जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बरेली में उनके घर के बाहर कुछ अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. खुशबू पाटनी पूर्व भारतीय मेजर हैं और इस हाई-प्रोफाइल मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए.

अप्रैल 2024 में सलमान खान के लिए किसी डरावने सपने जैसी थी. जब पूरा शहर सो रहा था, तब बांद्रा में उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो अनजान हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस घटना ने न सिर्फ सलमान के फैंस को डरा दिया, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सितंबर 2024 में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के कनाडा वाले घर पर 14 गोलियां चली थीं. इस हमले में कोई भी घायल नहीं हुआ था, लेकिन इसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने ली थी. उन्होंने इस हमले की वजह सलमान खान संग सिंगर की नजदीकियों को बताया था.

पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल की जिंदगी में भी दहशत ने कई बार दस्तक दी है. मोहाली में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अचानक हुई फायरिंग से सेट पर अफरा-तफरी मच गई थी. इससे पहले साल 2023 में कनाडा के वैंकूवर में उनके बंगले पर भी हमला हो चुका है. इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि शूटिंग लोकेशंस पर सितारों की जान को कितना बड़ा खतरा रहता है.

खौफ का ऐसा ही एक मंजर दिग्गज फिल्ममेकर राकेश रोशन भी झेल चुके हैं. साल 2000 में ‘कहो ना प्यार है’ की बंपर कामयाबी के बाद माफियाओं ने उनसे मोटी रकम की मांग की थी. जब बात नहीं बनी, तो उनके ऑफिस के बाहर उन पर जानलेवा हमला किया गया. उस वक्त राकेश रोशन को गोलियां लगी थीं और वह बुरी तरह जख्मी हो गए थे, लेकिन खुशकिस्मती से उनकी जान बच गई.

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के बेताज बादशाह सिद्धू मूसेवाला का अंत इतना खौफनाक होगा, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था. दिन-दहाड़े उनकी गाड़ी को घेरकर हमलावरों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी थी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस जघन्य हत्याकांड ने न सिर्फ उनके करोड़ों फैंस का दिल तोड़ दिया, बल्कि पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में दहशत फैला दी.

90 के दशक में ‘म्यूजिक मुगल’ कहे जाने वाले गुलशन कुमार की हत्या ने पूरे देश को सन्न कर दिया था. मुंबई के एक मंदिर के बाहर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थीं. टी-सीरीज को फर्श से अर्श तक पहुंचाने वाले गुलशन कुमार का इस तरह जाना संगीत जगत के लिए एक ऐसा जख्म था, जो आज तक नहीं भर पाया.