Shivam Mavi Bowling: टीम इंडिया में डेब्यू, अचानक गायब हुआ नाम, अब 7 विकेट लेकर मचाई सनसनी, कौन है ये स्टार?
Last Updated:
Shivam Mavi 7 Wickets UP vs Vidarbha, Ranji Trophy Elite: टीम इंडिया के लिए 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके तेज गेंदबाज शिवम मावी ने रणजी ट्रॉफी एलीट मैच में विदर्भ के खिलाफ कहर बरपाया. 27 साल के इस बॉलर ने सात विकेट चटकाए, जिससे विदर्भ की पारी 237 रन पर सिमट गई. शिवम मावी ने विदर्भ के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया.
शिवम मावी ने विदर्भ के खिलाफ लिए सात विकेट.नई दिल्ली. 2023 में एक युवा तेज गेंदबाज ने टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इस स्टार ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला. हालांकि, डेब्यू करने के चंद दिनों के भीतर ही इस खिलाड़ी का नाम टीम से गायब हो गया. अब 27 साल के इस बॉलर ने एक पारी में सात विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी हैं. यह गेंदबाज और कोई नहीं, बल्कि यूपी के शिवम मावी हैं. शिवम मावी रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-ए के मैच में विदर्भ के खिलाफ पहली पारी में सात विकेट लेकर छा गए. उनके इस प्रदर्शन ने विदर्भ को 237 रन पर ही ढेर कर दिया.
एक के बाद एक झटके सात विकेट
यूपी और विदर्भ के बीच रणजी मैच नागपुर में खेला जा रहा है. दूसरे दिन के खेल के दौरान शिवम मावी विदर्भ के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. उन्होंने विदर्भ के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए पंजा खोला. शिवम ने विकेट की ऐसी झड़ी लगाई कि विदर्भ के 6 बल्लेबाज 100 रन के अंदर ही पवेलियन लौट चुके थे. हालांकि, दानिश मलेवर (80) और नचिकेत भूते (63) की अर्धशतकीय पारियों से विदर्भ ने 200 रन का आंकड़ा पार किया. शिवम मावी ने 18 ओवर गेंदबाजी की और 3.27 की इकॉनमी से 59 रन देकर सात विकेट चटकाए. यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ फिगर है.
शिवम मावी ने विदर्भ के खिलाफ लिए सात विकेट.
बल्ले से भी चमके मावी
सिर्फ गेंद ही नहीं, शिवम मावी ने बल्ले से भी कमाल दिखाया. यूपी की पारी भी 237 रन पर सिमट गई थी. शिवम मावी ने इसमें 47 महत्वपूर्ण रनों का योगदान दिया और टीम के लिए पारी के दूसरे टॉप रन स्कोरर रहे. उन्होंने 57 गेंदें खेलीं. इस पारी में शिवम मावी ने 5 चौके और एक छक्का लगाया. मावी ने ध्रुव जुरेल के साथ 90 रनों की अहम साझेदारी की. यह पार्टनरशिप तब हुई जब यूपी की पारी 109 रन पर 6 विकेट खोकर लड़खड़ा चुकी थी. ध्रुव जुरेल ने 96 रन की बेहतरीन पारी खेली. विदर्भ को ढेर करने के बाद स्टंप्स तक यूपी ने दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए. यूपी की बढ़त भी 75 रनों की ही है.
टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं 6 मैच
शिवम मावी इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं. उन्होंने 2023 में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में अपना पहला मुकाबला खेला. एक महीने के अंदर उन्हें 6 मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, जिसके बाद उन्हें मौके नहीं मिले. मावी ने 6 टी20 इंटरनेशनल मैच में सात विकेट चटकाए हैं. उनका बेस्ट फिगर 22 रन देकर चार विकेट लेना रहा है.
आईपीएल 2026 में SRH के लिए खेलेंगे
शिवम मावी आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते नजर आएंगे. 2025 में अनसोल्ड रहे इस पेसर को आगामी सीजन से पहले हुए मिनी ऑक्शन में 75 लाख के बेस प्राइस पर काव्या मारन की टीम ने खरीदा. बात करें उनके आईपीएल करियर की तो केकेआर के उन्होंने इसकी शुरुआत की. 2018 में तीन करोड़ रुपये देकर तीन बार की चैंपियन टीम ने खरीदा था. 2022 तक वह केकेआर का हिस्सा रहे. 2023 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 6 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया. इसके अगले साल वह 6.40 करोड़ रुपये लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स में पहुंचे. अब तक खेले 32 आईपीएल मैचों में वह 25 विकेट ले चुके हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें