Sitanshu Kotak statement of Sanju Samson: सैमसन को मिला बैटिंग कोच का साथ… काबिलियत पर शक करने वालों को दिया जवाब

Share to your loved once


तिरुवनंतपुरम. भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने माना कि संजू सैमसन मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं.  लेकिन उन्हें संजू की काबिलियत पर कोई शक नहीं है और उन्होंने दोहराया कि सैमसन को टीम का पूरा सपोर्ट है. सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में अच्छा नहीं खेल पाए हैं और चार मैचों में सिर्फ 40 रन बनाए हैं. कोटक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मैच से पहले मीडिया से कहा, ‘संजू सीनियर खिलाड़ी है. उसने शायद उतने रन नहीं बनाए जितने सब चाहते हैं, लेकिन ये क्रिकेट का हिस्सा है. कभी आप लगातार पांच पारियों में बहुत रन बनाते हैं और कभी मुश्किल दौर आता है.’

सितांशु कोटक (Sitanshu kotak) ने कहा कि इस मुश्किल वक्त में टीम सैमसन के साथ है. उन्होंने कहा, ‘ये इस पर निर्भर करता है कि कोई अपने दिमाग को कितना मजबूत रखता है. हमारा काम है उसे पॉजिटिव बनाए रखना. वो प्रैक्टिस कर रहा है और मेहनत कर रहा है, इसलिए हम सब जानते हैं कि संजू क्या कर सकता है.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि संजू के बारे में और कुछ कहने की जरूरत है क्योंकि वो सच में बहुत अच्छा खेलता रहा है.’ सैमसन को ग्रीनफील्ड स्टेडियम में करीब 30 मिनट तक नेट्स में प्रैक्टिस करते देखा गया.

संजू सैमसन के सपोर्ट में उतरे भारतीय टीम के बैटिंग कोच.

इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने दूसरे गेंदबाजों के साथ अक्षर पटेल के खिलाफ भी कुछ शॉट्स खेले. वो कोच गौतम गंभीर और गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल से बात करते दिखे. अगर सैमसन शनिवार को मैच खेलते हैं तो ये उनके घरेलू मैदान पर पहला इंटरनेशनल मैच होगा. कोटक ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज और उससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज भारत की टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए शानदार मौका रही. उन्होंने कहा, ‘ये हमारे लिए बहुत जरूरी सीरीज रही है. वर्ल्ड कप से पहले आप लय में आते हैं, टीम का कॉम्बिनेशन ढूंढते हैं और खिलाड़ियों को मौका देते हैं.’

कोटक ने कहा कि ईशान किशन शनिवार का मैच खेल सकते हैं, जो एक चोट की वजह से चौथे टी20 मैच से बाहर थे. उन्होंने कहा, ‘जब भी ईशान किशन को मौका मिला है, उसने अच्छा खेला है. कभी-कभी विकेटकीपर बल्लेबाजों को मौके नहीं मिलते, लेकिन जब भी ईशान खेले हैं, उन्होंने अच्छा परफॉर्म किया है. पावरप्ले में आप ऐसे खिलाड़ी की तलाश करते हैं जो उस तरह खेले जैसा वो खेलता है.’ कोटक ने कहा, ‘अभी तक जो मुझे पता है, उससे लगता है कि वो खेलेंगे. फिजियो यहां हैं, तो फिजियो फैसला लेंगे. लेकिन मुझे लगता है कि उनके खेलने की उम्मीद है.’ सौराष्ट्र के इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि किशन, सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा जैसे आक्रामक बल्लेबाजों की मौजूदगी से टीम को आक्रामक रणनीति अपनाने में मदद मिली है. उन्होंने कहा, ‘कुछ खिलाड़ी आक्रामक खेलते हैं. हम विकेट और हालात के हिसाब से प्लान बनाते हैं, लेकिन हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो बहुत आक्रामक खेल सकते हैं. ये बहुत अच्छी बात है.’

कोटक ने अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी पर कहा, ‘ये उनकी प्लानिंग है, वो क्या करना चाहते हैं.’ उन्होंने कहा कि अभिषेक की सबसे बड़ी ताकत उनकी बेसिक्स का मजबूत होना है. उन्होंने कहा, ‘वो गौतम से बात करते हैं, मुझसे और सूर्या और बाकी खिलाड़ियों से भी बात करते हैं. वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो बहुत सारे शॉट्स खेलते हैं और उनके बेसिक्स मजबूत हैं.’

कोटक को इस बात की भी खुशी है कि कप्तान सूर्यकुमार ने लगातार दो अर्धशतक लगाकर खराब दौर से वापसी की. उन्होंने कहा, ‘काफी समय से वो टी20 के सबसे अच्छे और नंबर वन बल्लेबाज रहे हैं. इसलिए हम जानते थे कि वो रन बनाएंगे. लेकिन टी20 में कोई 60, कोई 70 रन बनाता है और हम सोचते हैं कि उसने अच्छी पारी खेली.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP