suryakumar yadav reaction:शिवम दुबे के साथ एक और बल्लेबाज होता तो मैच का रुख बदल सकता था, हार के बाद छलका सूर्यकुमार यादव का दर्द
Last Updated:
suryakumar yadav reaction: सूर्यकुमार यादव ने चौथा टी20 मैच हारने के बाद कहा कि जिस तरह से शिवम दुबे बैटिंग कर रहे थे, अगर उनके जैसा एक और बल्लेबाज होता तो मैच का रिजल्ट कुछ और हो सकता था. न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. मिडिल ऑर्डर में शिवम दुबे ने आक्रामक पारी खेली लेकिन उनकी 15 गेंदों पर बनाई गई फिफ्टी टीम के काम न आ सकी.
सूर्यकुमार यादव ने चौथा टी20 हारने के बाद दी पहली प्रतिक्रिया. नई दिल्ली. भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथा मैच हारने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है. सूर्यकुमार ने शिवम दुबे की बल्लेबाजी की सराहना करते हुए कहा कि अगर उनका साथ देने वाला उन्हीं की तरह एक और बल्लेबाज होता तो मैच का रिजल्ट कुछ और हो सकता था. भारत ने चौथे टी20 में छह बल्लेबाजों को खिलाने का फैसला किया था. जो उसे भारी पड़ गया. हालांकि मैच के बाद भारतीय कप्तान ने कहा कि हमने जानबूझकर छह बल्लेबाज और पांच गेंदबाज उतारे थे. ताकि हम खुद को देख सकें कि हम टी20 वर्ल्ड कप से पहले कहां हैं.
शिवम दुबे (Shivam Dube) ने ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हार को टालने के लिए काफी नहीं था. न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 215 रन बनाने के बाद भारत को 18.4 ओवर में 165 रन पर आउट कर दिया. दुबे ने 23 गेंदों पर 65 रन (तीन चौके, सात छक्के) की विस्फोटक पारी खेली और 216 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए लगभग अकेले संघर्ष किया। इस जीत के साथ कीवी टीम ने पांच मैचों की सीरीज में अंतर को 3-1 कर दिया.
सूर्यकुमार यादव ने चौथा टी20 हारने के बाद दी पहली प्रतिक्रिया.
मैच हारने के बाद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar yadav) ने कहा, ‘मुझे लगता है कि ओस के बावजूद शिवम दुबे का साथ देने वाला उन्हीं की तरह एक और बल्लेबाज होता तो मैच के रिजल्ट में फर्क पड़ सकता था. हम 50 रनों से हार गए, लेकिन कोई बात नहीं.जैसा कि मैंने कहा, इस तरह के रन चेज में ऐसी एक-दो साझेदारियां निर्णायक साबित हो सकती थीं.’ छह बल्लेबाजों को खिलाने को लेकर सूर्यकुमार ने कहा कि हम खुद को चुनौती देना चाहते थे.
बकौल सूर्यकुमार, हमने जानबूझकर छह बल्लेबाजों के साथ उतरने का फैसला किया. हमारा लक्ष्य पांच गेंदबाजों को रखते हुए खुद को चुनौती देना था.हमारे पास कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी एकादश में शामिल करने का विकल्प था लेकिन हम उन खिलाड़ियों को मौका देना चाहते थे जो टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं. हम पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हम यह देखना चाहते थे कि 180-200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दो-तीन विकेट गिरने के बाद हमारी बल्लेबाजी कैसी रहती है.’
भारतीय टीम ने चौथे टी20 मैच में इशान किशन को बिठाकर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मौका दिया था. स्पिनर रवि बिश्नोई को लगातार दूसरे मैच में खिलाया गया. भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह आखिरी सीरीज है. उसके पास सीरीज का अब सिर्फ एक टी20 मैच बचा है. उसके बाद भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें