Shivam Dube Run Out IND vs NZ: हाय रे किस्मत… गलती किसी और की भुगते कोई, शिवम दुबे की तरह रन आउट भगवान किसी को न कराए
Last Updated:
Shivam Dube Run Out IND vs NZ: शिवम दुबे जब तक क्रीज पर थे भारत की जीतने की उम्मीद भी बरकरार थी, लेकिन जब टीम इंडिया को 31 गेंद में 71 रन की दरकार थी तभी हर्षित राणा का एक करारा शॉट नॉन स्ट्राइक एंड पर जा लगा और अपील के बाद अंपायर्स ने उंगली उठा दी क्योंकि शिवम दुबे क्रीज से बाहर थे.
शिवम दुबे बदकिस्मती से रन आउट हुएविशाखापट्टनम: शिवम दुबे ने 28 जनवरी की रात अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर की सबसे बड़ी पारी खेली. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे मैच में 23 गेंदों में 65 रन बनाए, जो उनका T20I में बेस्ट स्कोर भी है. इतना ही नहीं 65 रन बनाने के लिए उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 50 रन भी पूरे किए, जो भारत के लिए तीसरा सबसे तेज टी-20 इंटरनेशनल अर्धशतक है. मगर रिकॉर्ड्स से सजी इतनी शानदार पारी खेलने के बावजूद शिवम दुबे बदकिस्मत ही कहे जा रहे हैं. फैंस और क्रिकेट पंडित कह रहे हैं कि जिस अंदाज में यह ऑलराउंडर आउट हुआ, भगवान किसी बल्लेबाज की पारी का अंत इस अंदाज में न करें!
बदकिस्मत अंदाज में रन आउट हुए शिवम दुबे
दरअसल, 28 जनवरी की रात भारत-न्यूजीलैंड के बीच पांच मैच की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला गया. शुरुआती तीन मैच गंवाकर पहले ही सीरीज हार बैठी कीवी टीम ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 216 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा. जवाब में भारतीय बैटिंग ऑर्डर लड़खड़ा गया. 10.3 ओवर में सिर्फ 82 रन पर पांच विकेट गिर चुके थे. ऐसे नाजुक वक्त में शिवम दुबे ने एक मोर्चा संभाला और 15 गेंद में अर्धशतक जमाते हुए स्कोर 145/5 तक पहुंचा दिया. मगर तभी हर्षित राणा के शॉट पर बॉलर मैट हैनरी का हाथ लगा और गेंद नॉन स्ट्राइक एंड पर जा लगी. शिवम दुबे क्रीज से बाहर थे तो वह रन आउट करार दे दिए गए. क्रिकेट में ऐसे मौके कम ही आते हैं जब कोई बल्लेबाज इतनी बदकिस्मती से रन आउट होता हो.
अकेले लड़ते रहे शिवम दुबे, न्यूजीलैंड की सीरीज में पहली जीत
शिवम दुबे ने बेहद आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन ये पारी न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 50 रन की हार को टालने के लिए पर्याप्त नहीं थी. न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 215 रन बनाने के बाद भारत को 18.4 ओवर में 165 रन पर आउट कर दिया. दुबे ने 23 गेंदों पर 65 रन (तीन चौके, सात छक्के) की विस्फोटक पारी खेली और 216 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए लगभग अकेले संघर्ष किया. इस जीत के साथ कीवी टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला में अंतर को 3-1 कर दिया. सीरीज का आखिरी और पांचवां मैच तिरुवनंतपुरम में 31 जनवरी को खेला जाएगा.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें