गाजियाबाद में पति के सामने पत्नी पर गोली बरसाने वाला कौन? पड़ोसी से विवाद या कुछ और, CCTV खोलेगा अब राज : ghaziabad woman shooting case up police investigation cctv footage husband wife holi dispute neighbors roll
गाजियाबाद. दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी इलाके में रविवार शाम को एक हैरान करने वाली घटना घटी. लोनी का लाल बाग इलाका उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब एक अज्ञात हमलावर ने सरेराह एक महिला को निशाना बनाकर उसपर हमला कर दिया. खास बात यह है कि वारदात के समय महिला का पति भी साथ में ही था. महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्थानीय बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रही थी. इस दौरान के घर के आसपास ही महिला के पीठ पर हमलावरों ने गोली मारी, जिससे महिला सड़क पर गिर गई. पति ने शोर मचाया तो हमलावर फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में दिल्ली रेफर कर दिया गया. महिला की हालत नाजुक बनी हुई है. गाजियाबाद पुलिस मौके पर पहुंचकर पति के तहरीर पर जांच शुरू कर दी है. लेकिन गाजियाबाद पुलिस के सामने यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर पति-पत्नी में सिर्फ पत्नी को ही हमलावर ने क्यों टारगेट किया?
गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 35 साल की संजना कुमार और उसके 38 साल के पति हरि शंकर रविवार शाम घर के पास के स्थानीय बाजार में सब्जी खरीदने गए थे. दोनों सब्जी खऱीदकर अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे और घर के बिल्कुल करीब ही पहुंचे थे कि उन पर हमला हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अज्ञात हमलावर ने संजना को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. गोली संजना की पीठ के ऊपरी हिस्से में लगी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर चलती बाइक से नीचे गिर गईं.
महिला की हालत गंभीर, दिल्ली में चल रहा इलाज
अचानक हुए इस हमले से हरि शंकर बुरी तरह घबरा गए. उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. संजना खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ी थीं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया. संजना की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया. फिलहाल वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं. लोनी बॉर्डर थाने के एसएचओ हरेंद्र मलिक ने बताया कि महिला की पीठ में गहरा जख्म है और सोमवार शाम को उनकी सर्जरी हुई. उनके पति लगातार अस्पताल में उनके साथ हैं और सदमे की स्थिति में हैं. पुलिस ने बताया कि हरि शंकर की ओर से औपचारिक शिकायत मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई और धाराओं में इजाफा किया जाएगा.
क्या पड़ोसियों ने रची साजिश?
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुरानी रंजिश का है. संजना के पति हरि शंकर ने पुलिस को दी अपनी शुरुआती बातचीत में अपने पड़ोसियों पर शक जाहिर किया है. हरि शंकर का आरोप है कि पिछले साल होली के त्यौहार के दौरान उनका पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. वह विवाद काफी बढ़ गया था और तब से दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव चल रहा था. हरि शंकर को अंदेशा है कि इसी पुरानी खुन्नस को निकालने के लिए पड़ोसियों ने इस वारदात की साजिश रची है. पुलिस अब इस एंगल को अपनी जांच का मुख्य केंद्र बनाकर चल रही है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस की टीमें
अंकुर विहार सर्कल के सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उन्होंने कहा, ‘वारदात उनके घर के पास ही हुई है. हमारी कई टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही हैं ताकि हमलावर की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वह किस दिशा से आया था और किधर भागा. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’
लोनी और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में छिटपुट अपराधों और रंजिश के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम के समय बाजारों और कॉलोनियों के मोड़ पर पुलिस की गश्त बढ़ाने की जरूरत है. सरेआम एक महिला पर फायरिंग होने से लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. कानूनी जानकारों का कहना है कि यदि यह मामला वास्तव में होली की रंजिश का निकलता है, तो यह दर्शाता है कि कैसे आपसी छोटे विवाद समय पर न सुलझने के कारण खूनी संघर्ष का रूप ले लेते हैं. पुलिस अब हरि शंकर के उन पड़ोसियों से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, जिन पर शक जताया गया है.