विदेश में नौकरी पाने का मौका, सैलरी 2 लाख से भी ज्यादा, जर्मनी, जापान में इन पदों हो रही भर्ती, ऐसे करें आवेदन
रामपुर: रामपुर के युवाओं के लिए विदेश में नौकरी पाने का अच्छा और भरोसेमंद मौका सामने आया है. नर्सिंग और केयरगिवर कोर्स कर चुके अभ्यर्थी अब इजराइल, जापान और जर्मनी जैसे देशों में काम कर सकते हैं खास बात यह है कि यह भर्ती सरकारी अनुबंध के तहत हो रही है, जिससे नौकरी को लेकर भरोसा भी मिलता है और प्रक्रिया भी पारदर्शी रहती है.
अनुवादक सह प्रधान सहायक अधिकारी जमीर हुसैन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार और इजराइल, जापान व जर्मनी सरकार के बीच हुए समझौते के तहत यह भर्ती की जा रही है. इस पूरी प्रक्रिया को लागू कराने की जिम्मेदारी एनएसडीसी (नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) को दी गई है. एनएसडीसी इंटरनेशनल लिमिटेड के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को विदेश भेजा जाएगा.
उन्होंने बताया कि इजराइल में केयरगिवर और पेशेंट केयर के पदों पर भर्ती की जा रही है. यहां चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने लगभग 1 लाख 31 हजार 818 रुपये वेतन मिलेगा. इसके लिए उम्र सीमा 25 से 45 वर्ष तय की गई है और संबंधित क्षेत्र में कम से कम 4 साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है.
इजराइल में बुजुर्गों और मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित लोगों की काफी मांग है. वहीं जर्मनी में नर्सिंग पदों के लिए भर्ती निकाली गई है, जहां वेतन सबसे ज्यादा है. जर्मनी में चयन होने पर अभ्यर्थियों को हर महीने करीब 2 लाख 29 हजार 925 रुपये सैलरी मिलेगी. इसके लिए आयु सीमा 24 से 40 वर्ष रखी गई है और नर्सिंग से जुड़े क्षेत्र में कम से कम 1 साल का अनुभव जरूरी है. जर्मनी में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भारतीय नर्सों की अच्छी पहचान है. ऐसे में यह मौका काफी अहम माना जा रहा है.
जापान की बात करें तो वहां केयरगिवर और केयरटेकर पदों पर भर्ती हो रही है. यहां चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने लगभग 1 लाख 16 हजार 976 रुपये वेतन दिया जाएगा. जापान के लिए उम्र सीमा 20 से 27 वर्ष तय की गई है और संबंधित ट्रेड में कम से कम 4 साल 3 महीने का कार्य अनुभव होना चाहिए. जापान में बुजुर्गों की बढ़ती संख्या के कारण केयर सेक्टर में लगातार जरूरत बनी हुई है.
अधिकारी ने बताया कि इन भर्तियों से जुड़ी सभी जरूरी शर्तें, योग्यता और अन्य जानकारी सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के एकीकृत पोर्टल पर जाकर खुद को जॉबसीकर के रूप में पंजीकृत करना होगा. इसके बाद इजराइल, जापान और जर्मनी के लिए अलग-अलग विकल्प चुनकर आवेदन किया जा सकता है.
इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेड से जुड़े जनपद के निर्माण श्रमिकों के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर भी पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.
अगर किसी अभ्यर्थी को आवेदन प्रक्रिया, योग्यता या दस्तावेजों को लेकर कोई परेशानी होती है, तो वे सीधे सेवायोजन कार्यालय रामपुर में संपर्क कर सकते हैं. इसके साथ ही ज्यादा जानकारी के लिए कॉल सेंटर नंबर 155330 पर भी संपर्क किया जा सकता है. कुल मिलाकर, नर्सिंग और केयरगिवर कोर्स कर चुके रामपुर के युवाओं के लिए यह एक सुनहरा मौका है .