Ballia News: बलिया में भृगु कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज, करोड़ों की आएगी लागत, जानिए क्या है प्लान

Share to your loved once


बलिया: जिले की मोक्षदायिनी और पवित्र धरा पर अब आस्था, इतिहास और विकास का भव्य संगम देखने को मिलने वाला है. जनपद में भृगु कॉरिडोर के निर्माण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कॉरिडोर निर्माण के लिए अधिकारियों के द्वारा संभावित स्थलों का लगातार निरीक्षण भी किया जा रहा है और जल्द कार्य शुरू होने की संभावना भी जताई जा रही है. यह परियोजना बलिया DM मंगला प्रसाद सिंह और मंत्री दयाशंकर सिंह के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रस्तावित हुआ है, जिसके बनने से बागी बलिया को कई बेहतर परिणाम मिलेंगे.

मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) त्रिभुवन ने साफ शब्दों में कहा कि यह कोई तोड़फोड़ का काम नहीं, बल्कि पुण्य और विकास का कार्य है. यदि कॉरिडोर की जद में किसी का घर आता है, तो उसे उचित मुआवजा भी दिया जाएगा. यह परियोजना बलिया की आस्था, पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है. बलिया की पहचान देश दुनिया में भृगु बाबा से है. कहीं भी बलिया का नाम आते ही भृगु बाबा की जय हो का नारा गूंज उठता है.

जैसे बनारस में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राम कॉरिडोर बना, उसी तर्ज पर अब करोड़ों की लागत से बलिया में भव्य भृगु कॉरिडोर का निर्माण होने वाला है. उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना में 50 करोड़ भी कम पड़ सकते हैं, जरूरत पड़ी तो इससे ज्यादा धन भी लगाया जाएगा. कॉरिडोर बनने के बाद यहां साधु-संतों के ठहरने की व्यवस्था, पूजा सामग्री की दुकानें, भव्य पार्किंग, श्रद्धालुओं के लिए तमाम आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.

प्रख्यात इतिहासकार डॉ. शिवकुमार सिंह कौशिकेय ने कहा कि बलिया को प्राचीन काल से ही भृगु नगरी कहा जाता रहा है. यही पर भृगु मुनि को मोक्ष मिला था. महर्षि भृगु के आश्रम में उनके गुरुकुल से गर्ग ऋषि जैसे महान विद्वान निकले, जिन्होंने गर्ग संहिता की रचना की, जो भगवान श्रीकृष्ण के कुलगुरु भी बने. इसके अलावा ऋषि पराशर, जो वेदव्यास के पिता थे, उन्होंने भी यहीं पाराशर संहिता की रचना की थी.

मान्यताओं के अनुसार जब राजकुमार सिद्धार्थ को वैराग्य हुआ, तो वे भी महर्षि भृगु के आश्रम में आकर ज्ञान, ध्यान और कर्मकांड से परिचित हुए थे. निरीक्षण में CRO के साथ नगर पालिका EO, इतिहासकार और मंदिर के अध्यक्ष व महामंत्री भी थे. भृगु कॉरिडोर के निर्माण के बाद यहां बुद्ध की प्रतिमा और विस्तृत ऐतिहासिक विवरण भी स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक बलिया आयेंगे और यहां पर्यटन के साथ आर्थिक स्थिति भी मजबूत बनेगी.

पंकज मिश्रा नगरसेवक ने कहा कि, यदि भृगु कॉरिडोर बनता है, तो यह बलिया के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाली पीढ़ियां भी धन्यवाद देंगी, जिन्होंने बलिया की संस्कृति और विरासत को संजोने का काम किया था. हालांकि, बलिया में चर्चा बहुत होता हैं, लेकिन बाद में सबकुछ केवल कागजों में सिमटकर रह जाता हैं. हकीकत में अगर सही तरीके से भृगु कॉरिडोर बन जाए, तो बलिया की तस्वीर बदल जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP