BCB vs ICC T20 World Cup Live: भारत न आने की जिद पर कायम बांग्लादेश, अब ICC के पाले में गेंद, पाकिस्तान भी दे रहा गीदड़भभकी

Share to your loved once


Bangladesh Cricket vs ICC T20 World Cup Row Live Updates: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने गुरुवार को साफ कर दिया कि वह अपनी टीम को भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं भेजेगा. इसकी वजह यह बताई गई है कि बांग्लादेश सरकार से उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली है. BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि वे अपने फैसले पर कायम हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आखिरी कोशिश के तौर पर वे ICC से फिर बात करेंगे. इस बीच कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बांग्लादेश के साथ खड़ा है और अगर आईसीसी उनकी मांग नहीं पूरी करता तो वह भी टी20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करेगा. इस मामले में जुड़े जो भी लेटेस्ट अपडेट्स आते हैं, आप यहां पढ़ सकते हैं.

पाकिस्तान का रुख क्या?
पाकिस्तानी मीडिया में कई रिपोर्ट्स आईं, जिनमें दावा किया गया कि पाकिस्तान बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा है. इन रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर बांग्लादेश की मांगें नहीं मानी गईं तो पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार कर सकता है. अब सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपने इस रुख पर कायम रहेगा और टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला करेगा या नहीं.

वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं – आसिफ नजरुल
बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि टीम टी20 वर्ल्ड कप तभी खेलेगी, जब उसके सभी मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं. उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हम सभी वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता अब भी बनी हुई है. यह मुद्दा तब शुरू हुआ था, जब हमारे एक खिलाड़ी को विरोधी टीम के खिलाड़ियों की वजह से टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. ICC चाहे कुछ भी कहे कि कोई सुरक्षा समस्या नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि हमारा खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया. वही देश अब वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है. तब से ऐसा क्या बदल गया है? अगर मुस्ताफिज़ुर को सुरक्षा नहीं दी जा सकी, तो हमें कैसे भरोसा हो कि ICC हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा? हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं.’

BCB अध्यक्ष ने क्या कहा?
BCB के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम ने कहा है कि बोर्ड आखिरी बार ICC से बात करेगा और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग रखेगा. उन्होंने कहा, ‘हम ICC के पास फिर से जाएंगे और श्रीलंका में खेलने का अपना प्लान रखेंगे. उन्होंने हमें 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया, लेकिन कोई भी इंटरनेशनल संस्था इस तरह दबाव नहीं बना सकती. अगर बांग्लादेश नहीं खेलता, तो ICC को वर्ल्ड कप के करीब 20 करोड़ दर्शक गंवाने पड़ेंगे. यह नुकसान ICC का ही होगा.’ उन्होंने आगे कहा, ‘ICC श्रीलंका को को-होस्ट बता रहा है, लेकिन वे असल में को-होस्ट नहीं हैं. यह सिर्फ एक हाइब्रिड मॉडल है. ICC मीटिंग में जो कुछ बातें मैंने सुनीं, वो काफी चौंकाने वाली थीं.’

अपने फैसले पर कायम बीसीबी
बुधवार को ICC ने बांग्लादेश बोर्ड को साफ तौर पर कहा कि तय किए गए शेड्यूल के अनुसार भागीदारी की पुष्टि एक दिन के अंदर करें, नहीं तो उन्हें टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है. ऐसी स्थिति में स्कॉटलैंड को बांग्लादेश की जगह शामिल किया जा सकता है. हालांकि, इसके बाद भी बीसीबी अपने फैसले पर कायम है.

भारत से बाहर शिफ्ट किए जाएं मैच – बीसीबी
BCB चाहता है कि बांग्लादेश के मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं. उनका कहना है कि मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा की चिंता है. लेकिन ICC ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया. ICC का कहना है कि स्वतंत्र सुरक्षा जांच में भारत के तय किए गए मैदानों पर कोई खतरा नहीं पाया गया है. साथ ही, आखिरी समय पर मैदान बदलने से पूरे टूर्नामेंट की योजना बिगड़ जाएगी.

भारत में कब-कब होने हैं बांग्लादेश के मुकाबले?
तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश की टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलेगी. इसके बाद 9 फरवरी को यह टीम इटली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. 14 फरवरी को इस टीम का सामना इंग्लैंड से होगा. यह तीनों मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं. इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश का सामना नेपाल से होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP